लापता युवक का शव 16 दिन बाद गली-सड़ी हालत में मिला
उपमंडल की रखोटा पंचायत के चहड़ गांव से लापता 33 वर्षीय विनोद कुमार का शव 16 दिन बाद एक पशुशाला से गली-सड़ी हालत में मिला है।
संवाद सहयोगी, सरकाघाट : उपमंडल की रखोटा पंचायत के चहड़ गांव से लापता 33 वर्षीय विनोद कुमार का शव 16 दिन बाद एक पशुशाला से गली-सड़ी हालत में मिला है। विनोद कुमार दो अक्टूबर से लापता था। परिजनों ने पुलिस थाना सरकाघाट में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा रखी थी। शव बग्गी गांव के रहने वाले धनी राम की पशुशाला से मिला।
वीरवार शाम को पशुशाला के समीप घास काट रही कुछ महिलाओं को किसी चीज के सड़े होने की दुर्गध आई। महिलाओं ने पशुशाला के मालिक को इस बारे में बताया। धनीराम ने आकर पशुशाला का दरवाजा खोला तो अंदर फंदे से शव लटका देख दंग रह गया। उसने तुरंत इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों व पुलिस को दी। आशंका जताई जा रही है कि घर से लापता होने के बाद विनोद ने पशुशाला में फंदा लगा लिया। धनीराम ने कुछ माह पहले घर के पास ही दूसरी पशुशाला बनाई थी। करीब डेढ़ माह पहले वह अपने मवेशियों को नई पशुशाला ले गया था। इसके बाद वह पुरानी पशुशाला में नहीं आया। परिजन कई दिनों से विनोद की तलाश कर रहे थे, मगर उसका कोई सुराग नहीं लगा था। शव मिलने की सूचना मिलने पर डीएसपी चंद्रपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद मंडी से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए। विनोद अविवाहित था।
----------
विनोद ने खुद आत्महत्या की थी या फिर किसी ने उसे मारकर फंदे से लटका दिया था, पुलिस दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही इसका पता चल पाएगा। परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है।
-चंद्रपाल सिंह, डीएसपी सरकाघाट