पटवारी भर्ती की तरह सरक जाएगी कांग्रेस के सब आरोपों की हवा : जयराम
जागरण संवाददाता मंडी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मुद्दाविहीन कांग्रेस के पास कोई
जागरण संवाददाता, मंडी : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मुद्दाविहीन कांग्रेस के पास कोई न कोई नेता है और न ही नीति। ढाई साल से कांग्रेसी मुद्दा ढूंढने में लगे हुए हैं, मगर कुछ हाथ नहीं लगा। अब कुछ ऐसी बातों को उछाल रहे हैं जिनका कोई आधार नहीं है। कांग्रेस की तरह हर मामले पर पर्दा डालने की कोशिश नहीं की है, बल्कि जो बातें सामने आई हैं उनमें आरोपितों के विरुद्ध डंके की चोट पर कार्रवाई की है। आपदा के इस दौर में जो लोग गलत तरीके से पैसा बनाने में लगे हुए हैं। सरकार ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में नहीं छोड़गी। चाहे वह कितने ऊंचे पद पर क्यों न हो।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार को मंडी जिले के धर्मपुर मंडल भाजपा की वर्चुअल रैली को शिमला से वीडियो कांफेंसिग के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि इस्तीफा मांगना कांग्रेस नेताओं की फितरत बन गई है। पटवारी भर्ती को लेकर इसी तरह का शोर मचाया था। पटवारी भर्ती की तरह कांग्रेस के सब आरोपों की हवा सरक जाएगी। तीन माह तक कांग्रेस नेताओं को प्रदेश की जनता का ख्याल नहीं आया। अब स्थितियां सामान्य होने लगी जनता डर के माहौल से बाहर निकली तो कांग्रेसियों ने हमदर्दी जताना शुरू कर दी। कांग्रेस नेताओं ने अपने पांच साल कोर्ट कचहरी के चक्कर काटने में बिता दिए थे। प्रदेश की जनता इस बात को भलीभांति जानती है। प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग की समस्या को ध्यान में रखकर काम कर रही है। अन्य राज्यों में फंसे करीब दो लाख लोगों को सुरक्षित वापस लाने में सरकार सफल रही है। प्रदेश में जिस रफ्तार से दो मई के बाद कोरोना के मामले बढ़े थे, उससे कहीं अधिक गति से लोग स्वस्थ हो रहे हैं। कोरोना काल समाप्त होते ही प्रदेश का दौर कर रुके हुए विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। जयराम ठाकुर ने कर्फ्यू के दौरान सहरानीय कार्य करने के लिए धर्मपुर मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इस मौके पर जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, भाजपा मीडिया सहसचिव रजत ठाकुर, त्रिलोक जम्वाल भी मौजूद रहे।