महंगाई से त्रस्त जनता ने दिया भाजपा को करारा जवाब : सीटू
संवाद सहयोगी मंडी सीटू से संबंधित मनरेगा व निर्माण मजदूर फेडरेशन की राज्य कमेटी की ब
संवाद सहयोगी, मंडी : सीटू से संबंधित मनरेगा व निर्माण मजदूर फेडरेशन की राज्य कमेटी की बैठक राज्य अध्यक्ष जोगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। राज्य महासचिव भूपेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की जयराम सरकार लगातार मजदूर विरोधी नीतियां लागू कर रही हैं। सीटू ने प्रदेश की चार सीटों पर हुए उपचुनाव में सभी सीटों पर भाजपा की हुई करारी हार का स्वागत किया है और इसे मजदूरों की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि सीटू ने राज्य स्तर पर भाजपा को हराने का फैसला लिया था। महंगाई से त्रस्त जनता ने उपचुनाव में भाजपा को करारा जवाब दिया है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और अन्य खाद्य सामग्री के दाम बेलगाम तरीके से बढ़ रहे हैं। इससे सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना मजदूरों को करना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार ने डिपो में मिलने वाले सरसों के तेल व रिफाइंड के दाम में भी इजाफा कर दिया है। राशन की दुकान में अंगूठा लगाने के लिए भी शुल्क देना पड़ेगा। सीमेंट और सरिया भी हर रोज महंगा हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव मेहनतकश जनता पर पड़ रहा है। सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह फेल हो गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मनरेगा के तहत किसी को भी 120 दिन का रोजगार नहीं मिल रहा है। मनरेगा मजदूरों को मात्र 203 रुपये दिहाड़ी दी जा रही है। अन्य मजदूरों को तीन सौ रुपये सरकार जारी कर रही है। इस प्रकार सरकार मनरेगा मजदूरों के साथ भेदभाव कर रही है। प्रदेश राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड पंजीकृत मजदूरों के लाभ समय पर जारी नहीं कर रहा है, जिसके विरोध में दो दिसंबर को बोर्ड के कार्यालय का शिमला में घेराव किया जाएगा। इससे पहले 15 से 30 नवंबर तक निचले स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 26 नवंबर को दिल्ली में चल रहे किसानों के आंदोलन का एक साल पूरा होने के मौके पर किसानों के संगठनों के साथ मिलकर प्रदेशभर में रैलियां व प्रदर्शन करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में केवल कुमार, सुनील कुमार, कुलदीप कुमार, अजय दुल्टा, करतार सिंह, नरेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, चमन लाल,रामचंद, दिनेश काकू, राजेश शर्मा, राजेंद्र कुमार, रविकांत, गोपेंद्र शर्मा, प्रेम गौतम, भूपेंद्र सिंह व जोगेंद्र कुमार आदि ने भाग लिया।