तीसरी आंख साधेगी गंदगी पर निशाना
नगर निगम के सभी वार्डो में तीसरी आंख का पहरा रहेगा। बड़े वार्डो में
संवाद सहयोगी, मंडी : नगर निगम के सभी वार्डो में तीसरी आंख का पहरा रहेगा। बड़े वार्डो में 25 से 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनके लिए करीब 20 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे शहर में गंदगी फैलाने वालों के साथ असामाजिक तत्वों पर भी 24 घंटे नजर रहेगी। नगर निगम ने सीसीटीवी कैमरे खरीदने के फैसले पर अंतिम मुहर लगा दी है। जल्दी ही इनकी खरीद की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
15 वार्डो में फैले नगर निगम क्षेत्र को कूड़ादान मुक्त किया जा चुका है। शहर के सभी वार्डों से कूड़ेदानों को उठाकर घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था बनाई गई है। नगर निगम ने यह कार्य सफाई ठेकेदारों को सौंपा है। सफाई ठेकेदार के कर्मचारी घर-घर से कूड़ा कचरा उठा कर इसे बिद्राबणी डंपिग साइट में ठिकाने लगा रहे हैं।
चिंता का विषय यह है कि शहर में अभी भी कुछ लोग ऐसे हैं जो अंधेरे में कूड़ा कचरा सार्वजनिक स्थलों पर फेंक रहे हैं। इस कारण सफाई ठेकेदार के कर्मचारियों को घर-घर से कूड़ा कचरा उठाने के साथ सार्वजनिक स्थलों से भी गंदगी उठाना पड़ रही है। शहर के बीचों-बीच कूड़े के ढेर लगने से स्वच्छता व सुंदरता पर भी दाग लग रहा है। नदी किनारे भी लोग मौका मिलते ही कूड़ा फेंकने से बाज नहीं आ रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे की जद में समूचा वार्ड आने के बाद ऐसे लोगों पर आसानी से शिकंजा कसा जा सकेगा। इसके अलावा शहर में चोरी, महिलाओं से छेड़छाड़ आदि की घटनाओं पर भी नजर रहेगी।
यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी यातायात पुलिस कर्मी शिकंजा कस सकेंगे। औसतन एक वार्ड में 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित होने से कोई गंदगी फैलाने की कोशिश नहीं करेगा। लापरवाह लोगों पर नजर रखने के लिए ेकंट्रोल रूम भी बनाए जाएंगे।
------------------
नगर निगम के सभी वार्डों को सीसीटीवी से लैस करने के लिए बजट का प्रावधान कर दिया गया है। करीब 20 लाख रुपये इस पर खर्च किए जाएंगे। खरीद की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वार्डों के सभी हाट स्पाट में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
दीपाली जसवाल, मेयर, नगर निगम मंडी