करसोग में गहरी खाई में गिरी कार तीन लोगों की मौत, दो घायल
गहरी खाई में कार गिरने से कार में सवार बीडीसी करसोग के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता दलीप मेहता समेत तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हुए हैं ।
मंडी, जेएनएन। मंडी जिले के करसोग उपमंडल में बुधवार देर रात एक कार के गहरी खाई में गिरने से पंचायत समिति करसोग के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता दलीप मेहता सहित दो अन्य लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल करसोग में भर्ती करवाया गया है। करसोग पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरु कर दी है।
दलीप मेहता व दो अन्य लोगों की दुखद मौत से करसोग हलके में शोक की लहर दौड़ गई। करसोग कोर्ट में मजिस्ट्रेट के छुट्टी होने पर दलीप मेहता कोर्ट के काम से गोहर गए हुए थे। यहां से रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने चार अन्य साथियों के साथ वापस करसोग जा रहे थे। बिठरी करसोग मार्ग पर रात 11 बजे के करीब सोरता बथार नाला के समीप कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इससे दलीप मेहता निवासी स्यांज बगड़ा, डोला राम पुत्र दुर्गादत (करोल) व खेमराज पुत्र हेम चंद (जुगाहटी) की मौके पर मौत हो गई।
तिलक राज (भनेरा) व इंद्र सिंह (मेहडी) घायल हो गए। दोनों घायल रात भर मौके पर बेसुध पड़े रहे। सुबह लोगों को कार खाई में गिरने का पता चला तो पुलिस को सूचित किया। घायलों को खाई से निकाल 108 एंबुलेंस से करसोग अस्पताल पहुंचाया। खेमराज भी युवा कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता थे। पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव शर्मा ने कार हादसे में तीन लोगों के मौत व दो के घायल होने की पुष्टि की है।