जलेब में ऊंट परेड, मुखौटा नृत्य भी होगा
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की जलेब में इस बार कैमल (ऊंट) परेड
जागरण संवाददाता, मंडी : अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की जलेब में इस बार कैमल (ऊंट) परेड सहित, 12 जिलों की संस्कृति दिखाती यात्रा और मुखौटा नृत्य (मास्क डांस) शामिल होगा। छोटी बच्चियों का सामूहिक जन्मदिन भी मनाया जाएगा। अनाथ बच्चों का फैशन शो भी होगा।
ये फैसले रविवार को अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की समीक्षा बैठक में लिए। बैठक की अध्यक्षता जल शक्ति मंत्री महेद्र सिंह ठाकुर ने की। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने तैयारियां परखीं।
मंत्री ने 'वोकल फॉर लोकल' पर बल दिया जाएगा। कहा कि ये आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में मददगार होंगे। महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली कलाकारों को प्राथमिकता दें। महोत्सव की थीम 'हिमाचल के पांच दशकों की स्वर्णिम यात्रा' पर केंद्रित रहेगी। एडीसी जतिन लाल ने बताया कि इस बार जलेब में ऊंट की परेड शामिल करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। जलेब में 12 जिलों की लोक संस्कृति, मुखौटा नृत्य और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता रथ भी शामिल किए जाएंगे। 12 से 17 मार्च तक छह सांस्कृतिक संध्याएं होंगी।
---------------
मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
मंत्री ने कहा कि 12 से 18 मार्च तक मनाए जाने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। वह 12 मार्च को प्रथम जलेब की अगुवाई करेंगे। मध्य जलेब 15 मार्च को निकाली जाएगी। अंतिम जलेब में 18 मार्च को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय शामिल होंगे। 11 मार्च को हवन भी बड़े स्तर पर करवाया जाएगा।
-----------------
तीन लाख से लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, जेबकतरों पर रहेगी विशेष नजर
पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन लाख की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। भाजपा रैली में बनाए गए यातायात प्लान के तहत ही यातायात व्यवस्था बनाई जाएगी। जेबकतरों पर नजर रखने के लिए पांच टीमें बनेंगी। महोत्सव में आठ खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें छिज के अलावा कबड्डी, रस्साकशी, बास्केटबॉल, रंगोली, महिला कुश्ती प्रतियोगिता, हॉकी, फुटबॉल और वॉलीबाल शामिल होंगी।
----------------
सेरी मंच के पास स्थापित करें बायो टॉयलेट्स
मंत्री ने सफाई व्यवस्था उपसमिति को महोत्सव के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने को कहा। उन्होंने सेरी मंच के साथ बायो टॉयलेट्स स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही जगह-जगह पर हैंडबॉश प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।
-------------
सर, पुलिस को बोलें, गुरुद्वारे में न पीयें बीड़ी-सिगरेट
गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के सदस्यों ने मंत्री के सामने कहा कि उनके पास ठहरने वाले पुलिस कर्मियों को बीड़ी-सिगरेट न पीने को कहा जाए। गुरुद्वारे में महिला व पुलिस कर्मी ठहरते हैं। कुछ पुलिस कर्मी बीड़ी-सिगरेट पीते हैं। इससे आस्था प्रभावित होती है।