ओलिंपिक की तैयारी में जुटे जोगेंद्रनगर के एथलीट सावन
संवाद सहयोगी जोगेंद्रनगर देश के शीर्ष धावकों में शामिल जोगेंद्रनगर के ऐहजू पंचायत के सा
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : देश के शीर्ष धावकों में शामिल जोगेंद्रनगर के ऐहजू पंचायत के सावन बरवाल ओलिंपिक की तैयारियों में जुट गए हैं। भंखेड़ गांव के रहने वाले बरवाल 5000 मीटर की दौड़ के अभ्यास के लिए लंदन पहुंच गए हैं। यहां पर वह 16 अंतरराष्ट्रीय धावकों के साथ प्रशिक्षण हासिल लेंगे।
सावन ने हाल ही में सीनियर फेडरेशन कप चेन्नई में पांच हजार मीटर दौड़ को 13 मिनट 51.69 सेकंड में पूरी कर कीर्तिमान स्थापित किया था। सावन बरवाल भारतीय सेना के बंगाल के रुढ़की में खेलों में नाम चमका रहे हैं। 2011 से 2018 तक एथलेटिक्स सेंटर जोगेंद्रनगर में खेल प्रशिक्षण हासिल कर पाइका खेलों में रजत जीता था। सावन ने कहा कि वह ओलिंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीतना चाहते हैं। सावन अब तक आठ से अधिक स्वर्ण पदक राष्ट्रीय खेलों में जीत चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में हाफ मैराथन में लगातार चार बार खिताब जीतने का कीर्तिमान भी सावन के नाम है। खेल प्रशिक्षक गोपाल ठाकुर ने बताया कि ओलिंपिक खेलों की पांच हजार मीटर दौड़ के अभ्यास के लिए लंदन में विश्व के 16 धावकों के साथ प्रशिक्षण के लिए पहुंचा है। सावन के पिता कुलदीप कुमार बेटे की इस उपलब्धि पर बेहद उत्साहित हैं।