रावण ने भी सीता को कमजोर समझा था : आशा
जागरण संवाददाता मंडी कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं मंडी संसदीय क्षेत्र की प्रभारी आशा कुमार
जागरण संवाददाता, मंडी : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं मंडी संसदीय क्षेत्र की प्रभारी आशा कुमारी ने कहा कि प्रतिभा सिंह मजबूर नहीं, मजबूत प्रत्याशी हैं। रावण ने भी सीता को कमजोर व मजबूर समझा था। नतीजा क्या हुआ था सब जानते हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सत्ता के अहंकार में एक महिला के खिलाफ ऐसी बातें कर रहे हैं। भाजपा का भी वही हश्र होगा जो रावण का हुआ था। मंडी में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में आशा कुमारी ने कहा कि प्रतिभा सिंह ने खुद चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं जताई थी। कार्यकर्ताओं व पार्टी के सभी नेताओं से उनसे चुनाव लड़ने का आग्रह किया था।
उन्होंने कहा कि आइआइटी, मेडिकल कालेज, इंजीनियरिग कालेज व अटल टनल जैसी कई बड़ी सौगात इस क्षेत्र को कांग्रेस के समय में मिली है। यह संसदीय क्षेत्र वीरभद्र सिंह व उनके परिवार की कर्मभूमि रही है। वीरभद्र सिंह के नाम पर वोट मांगना कांग्रेस का अधिकार है। भाजपा मुद्दों को भटकाकर राजनीति कर रही है। डबल इंजन की सरकार प्रदेश का विकास करवाने में विफल रही है। जयराम ठाकुर बताएं सात साल में मंडी संसदीय क्षेत्र को केंद्र से कौन सी सौगात मिली है। चार साल से खुद हवा में उड़ रहे हैं। सड़कों की हालत दयनीय है। विकास के नाम पर लोगों को सिर्फ हवाई सपने दिखाए हैं। महंगाई व बेरोजगारी चरम पर है।
पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र में विकास कहीं नजर नहीं आ रहा है। वोटरों की चुप्पी बदलाव का संकेत दे रही है।