कोठीगैहरी पहुंचा प्रशासन, खाली करवाए आठ मकान
जागरण संवाददाता मंडी भारी बारिश के कारण शुक्रवार रात बल्ह उपमंडल के कोठीगैहरी
जागरण संवाददाता, मंडी : भारी बारिश के कारण शुक्रवार रात बल्ह उपमंडल के कोठीगैहरी की पहाड़ी में आई दरारों के बाद सोमवार को आठ मकान खाली करवा लिए गए हैं। सोमवार को एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी की अध्यक्षता में अधिकारियों ने गांव का दौरा किया। पहाड़ में घरों के पास जहां दरारें आई हैं, वहां तिरपाल बिछाया गया है। दरारें आने का कारण पहाड़ी में पानी का अधिक रिसाव माना जा रहा है।
पहाड़ में दरारें आने के कारण एक पशुशाला पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है, जबकि मकानों व गुरुद्वारे में दरारें आ गई हैं। पहले मौके पर पहुंचे पटवारी और पंचायत प्रधान टेक चंद ने लोगों को घर खाली करने के लिए कहा लेकिन लोगों ने घर खाली नहीं किए। सोमवार को पहुंची एसडीएम स्मृतिका नेगी ने लोगों से को समझाया और उसके बाद आठ घरों को खाली करवाया गया है। इनमें एक परिवार को वहां बने एक नए मकान में रखा है तो कुछ लोग स्कूल व पंचायत घर में हैं। एक परिवार रिश्तेदार के यहां चला गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को तिरपाल आदि मुहैया करवाए गए हैं।
पहाड़ी दरकने की सूचना सबसे पहले विद्या देवी ने दी थी। उनकी रसोई में दरारें आ गई थीं। इसके अलावा संजू कुमार की पशुशाला भी क्षतिग्रस्त हुई है। पंचायत प्रधान टेक चंद ने बताया कि अगर पहाड़ी दरकती है तो लगभग 12 मकानों को नुकसान होगा। उन्होंने प्रभावितों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है। सायल कंजरवेशन विंग की टीम जांचेगी कारण
एसडीएम स्मर्तिका नेगी ने बताया कि पहाड़ी दरकने के कारणों को जांचने के लिए कृषि विभाग के सायल कंजरवेशन विंग की टीम को कहा गया है। साथ ही लोक निर्माण विभाग को आदेश दिए गए हैं कि मानसून के बाद पहाड़ी के सड़क के किनारे डंगा लगाया जाए। लोगों को घरों को खाली करवाकर उनको सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। प्रभावितों को उचित मुआवजा मिलेगा।