जल शक्ति विभाग ने बिना टेंडर खरीदी 175 करोड़ की पाइपें
कांग्रेस के पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने जयराम सरकार पर हमला बोला है।
सहयोगी, पद्धर : कांग्रेस के पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने आरोप लगाया है कि जल शक्ति विभाग में बिना टेंडर किए 175 करोड़ रुपये की पाइपें खरीदी गई हैं। कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग में घोटाला हुआ। सरकार इन मामलों की जांच नहीं करवा रही है। रविवार को द्रंग क्षेत्र के इलाका बदार के शिवा में आयोजित बैठक दौरान उन्होंने प्रदेश के साथ केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि महंगाई से आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने हर वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन आज करोड़ों लोगों का रोजगार छिन गया है। प्रदेश सरकार की लापरवाही से कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। बैठक में इलाका बदार की शिवा, घ्राण, मैहणी, देवरी और नागधार पंचायतों के कार्यकत्र्ताओं सहित पदाधिकारियों ने भाग लिया। इसके बाद रैली भी निकाली गई। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बामन देव ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूप सिंह धरवाल, उपाध्यक्ष बीआर सकलानी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेशमा ठाकुर, अनुसूचित जाति जिला कांग्रेस अध्यक्ष करम चंद भाटिया, अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष अमीर हुसैन, सेवादल कांग्रेस अध्यक्ष राम सिंह, युकां अध्यक्ष मनोज कुमार, जय सिंह, दलीप सिंह, परस राम, देवेंद्र सिंह, पदम सिंह, बीडीसी सदस्य हेती देवी और विमला देवी सहित अन्य मौजूद रहे।