नेशनल डेवलपमेट कैंप में हिस्सा लेंगे 80 प्रतिभागी
जागरण संवाददाता काजा काजा में शनिवार को नेशनल डेवलपमेट कैंप का तकनीकी शिक्षा मंत्री
जागरण संवाददाता, काजा : काजा में शनिवार को नेशनल डेवलपमेट कैंप का तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. रामलाल मार्कडेय शुभारंभ करेंगे। समुद्र तल से 3720 मीटर की ऊंचाई पर काजा में बने आइस रिंग में बर्फ जमाने का कार्य लगभग पूरा हो गया है। वर्तमान में यहां बच्चे आइस हाकी का प्रशिक्षण ले रहे हैं। आइस हाकी एसोसिएशन आफ लाहुल स्पीति और स्थानीय प्रशासन ने उक्त आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर दी है।
इस कैंप में 80 के करीब खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। काजा में पहली बार राष्ट्रीय महिला आइस हाकी प्रतियोगिता होने जा रही है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पांच से सात टीमों के हिस्सा लेने की संभावना है। हर टीम में 22 खिलाड़ी होंगे। इसके साथ ही 10 आफिशयल भी रहेंगे। प्रतियोगिता में रोजाना दो से तीन मैच होंगे। कैंप में हैदराबाद, लेह, चंडीगढ़, दिल्ली मुंबई और हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी होंगे। एडीएम मोहन दत्त शर्मा ने बताया कि स्पीति के लिए काफी बड़ा आयोजन है। पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता स्पीति में होने जा रही है। इसके साथ ही शनिवार से राष्ट्रीय कैंप भी यहां पर आयोजित होगा। गत वर्ष हमारी महिला आइस हाकी टीम ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ब्रांज मेडल हासिल किया था। इस आयोजन से जहां स्पीति के युवा खेलों के प्रति जागरूकता होंगे। खिलाड़ियों के ठहरने की उचित व्यवस्था का प्रविधान भी यहां पर किया गया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हर सुविधा देने का प्रयास प्रशासन की ओर से किया जाएगा। इस आयोजन से पर्यटन और रोजगार के साधन भी विकसित होंगे। शनिवार को तकनीकी शिक्षामंत्री रामलाल मार्कडेय इस कैंप का विधिवत शुभारंभ करेंगे।