मनाली, जेएनएन। पुलिस थाना मनाली के तहत शहर से तीन किमी दूर रांगड़ी के पास सोमवार रात को ब्यास नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान रंजीत सिंह पुत्र सत्या दास बेरहमपोरे मुर्शीदाबाद वेस्ट बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति की लाश व्यास नदी के बीच में रांगड़ी के पास फंसी हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहन रावत सहयोगियों के साथ मौका पर पहुंचे।
लाश को दमकल विभाग के कर्मचारियों की मदद से व्यास नदी से निकाला गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत व्यक्ति नौ अक्टूबर को अपने पर्यटक ग्रुप के साथ आया था तथा कुक का काम करता था। डीएसपी मनाली शेर सिंह ने बताया कि मृतक की लाश को शव गृह मनाली में रखा गया है व मृतक के परिवार वालों को इसकी जानकारी दे दी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है कि वह अपने ग्रुप से किस तरह अलग हो गया व मौत का कारण क्या रहा। शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, इसके बाद ही मौत के कारणों का पताल चल पाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुट गई है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
1952 से 2019 तक इन राज्यों के विधानसभा चुनाव की हर जानकारी के लिए क्लिक करें।