कुल्लू की सरवरी नदी में मिला शव, पुलिस छानबीन में जुटी Kullu news
Unknown Dead Body Recovered जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ लगती सरवरी नदी के किनारे एक शव बरामद हुआ है।
कुल्लू, जेएनएन। जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ लगती सरवरी नदी के किनारे एक शव बरामद हुआ है। कुछ लोग सुबह घूमने गए तो उन्होंने नदी किनारे शव पड़ा देखा, इसके बाद इसकी सूचना दमकल और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। व्यक्ति का शव नदी में कैसे और कहां से आया, इसको लेकर पुलिस जांच करने में जुट गई है। काफी देर तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के शव गृह में पहुंचा दिया है। पुलिस टीम जांच पड़ताल के बाद शव की शिनाख्त करवाने में कामयाब रही। पुलिस टीम की ओर से बताया जा रहा है यह शव बिहार निवासी अनिल कुमार का है।
जिला कुल्लू में आए दिन नदी किनारे शव मिलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लेकिन अधिकतर मामलों में हादसे का ही उल्लेख करके पर्दा डाल दिया जाता है। पर्यटन जिला में इस तरह की घटनाएं लोगों में दहशत का माहौल पैदा करती हैं। पुलिस को और सख्ती व एहतियात बरतने की आवश्यकता है। कुल्लू मनाली में हर साल हजारों देसी विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यहां सुरक्षा का माहौल बनाए रखना पर्यटन कारोबार के लिए जरूरी है।
कुल्लू में 90 किलोग्राम चरस, 208 ग्राम हेरोइन की नष्ट
बाशिंग स्थित पुलिस लाइन में पुलिस ने शुक्रवार को 90.798 किलोग्राम चरस, 208 ग्राम हेरोइन और 44 किलोग्राम अफीम (डोडे) जलाकर नष्ट किया। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि भुंतर थाना के तहत 80 मामलों में यह नशा पकड़ा था। इन मामलों की कोर्ट प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। कुल्लू पुलिस ने वर्ष 2019 में 90.798 किलोग्राम चरस पकड़कर 10 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वर्ष 2009 में पुलिस ने 80 किलो चरस पकड़ी थी, जिसे नष्ट कर दिया गया है।