चौबीस घंटे बहाल रखा जाएगा मनाली-लेह मार्ग
सितंबर महीने में सरहद पर बैठे देश के प्रहरियों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। मनाली लेह मार्ग को 24 घंटे बहाल रखा जाएगा।
जागरण संवाददाता, मनाली : सितंबर महीने में सरहद पर बैठे देश के प्रहरियों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। मनाली-लेह मार्ग के सफर को सुगम बनाने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने कमर कस ली है। बीआरओ की दीपक परियोजना के चीफ इंजीनियर ब्रिगेडियर एमएस बाघी शनिवार को मनाली-लेह मार्ग पर सड़क व पुलों के निर्माण कार्य का जायजा लेने मनाली पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेना के वाहनों की आवाजाही को देखते हुए मनाली-लेह मार्ग को 24 घंटे बहाल रखा जाए।
उन्होंने मनाली-लेह मार्ग पर बन रहे सभी छोटे व बड़े पुलों के कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बीआरओ 70 आरसीसी के कार्य को सराहा। उन्होंने कहा कि सितंबर में अटल रोहतांग सुरंग सहित पुल निर्माण व सड़क चकाचक हो जाने से सरहद का रास्ता सुगम हो जाएगा। वहीं, 38 बीआरटीएफ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने कहा कि अटल रोहतांग सुरंग के निर्माण के साथ मनाली-लेह मार्ग पर बन रहे पुल भी तैयार कर लिए जाएंगे। दारचा व गुफा होटल में बन रहे पुलों का कार्य अंतिम चरण में है। मनाली-लेह सहित तांदी संसारी मार्ग व ग्रांफू मार्ग पर भी कार्य जारी है। मनाली-लेह मार्ग पर 24 घंटे वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के प्रयास जारी हैं। बीआरओ के अनुसार भागा नदी पर दारचा में बन रहा 360 मीटर लंबा पुल लगभग तैयार है।