नौ गांव में 42 दिन रेडियो-टीवी पर रहेगा प्रतिबंध
-देव आदेश के पालन के लिए मनाली की उझी घाटी तैयार -आराध्य देव गौतम-व्यास ऋषि व नाग देवता 14
-देव आदेश के पालन के लिए मनाली की उझी घाटी तैयार
-आराध्य देव गौतम-व्यास ऋषि व नाग देवता 14 से तपस्या में होंगे लीन
जागरण संवाददाता, मनाली : पर्यटन नगरी मनाली की उझी घाटी के नौ गांव देव आदेश के पालन के लिए तैयार हैं। ऐतिहासिक गांव गोशाल टीवी, रेडियो सहित मनोरंजन के सभी साधन को ग्रामीणों ने देव आदेश के चलते अपने से दूर करने की तैयारी कर ली है। उझी घाटी के नौ गांव 14 जनवरी से 42 दिन तक देव आदेश में बंधने जा रहे हैं। इन गांवों के लोगों के आराध्य देव गौतम-व्यास ऋषि व नाग देवता का आदेश का पालन करने की तैयारी में जुट गए है।
मान्यता है कि गांव के आराध्य देव 14 जनवरी से तपस्या में लीन हो जाएंगे। देवताओं को शांत वातावरण मिले, इसके लिए ग्रामीण गांव में रेडियो व टीवी नहीं चलाएंगे और न ही खेतों का रुख करेंगे। उझी घाटी के गोशाल गांव सहित कोठी, सोलंग, पलचान, रुआड़, कुलंग, शनाग, बुरुआ तथा मझाच के लोग आज भी देव प्रतिबंध का पालन सदियों से पूरी श्रद्धा से कर रहे हैं। व्यापक प्रतिबंध के चलते गोशाल गांव के ग्रामीण रेडियो-टीवी का प्रयोग नहीं करेंगे, जबकि अन्य गांव के ग्रामीण खेतों में नहीं जाएंगे। देवलू एवं शनाग पंचायत के पूर्व प्रधान वेद राम ठाकुर, पूर्व प्रधान प्रताप ठाकुर और ग्रामीण मेहर चंद ठाकुर का कहना है कि उझी घाटी के नौ गांवों के लोग 14 जनवरी से देव प्रतिबंध में बंधने जा रहे हैं। ग्रामीण 42 दिन तक देव आज्ञा का पालन करेंगे। स्वर्ग प्रवास से लौटने पर देवताओं का स्वागत करेंगे तथा आराध्य देवों के सम्मान में उत्सव का भी आयोजन करेंगे। देवता स्वर्ग प्रवास से लौटते ही भविष्य में होने वाली साल भर की घटनाओं के बारे भी भविष्यवाणी करेंगे। शुक्रवार सुबह ही गांव देव वाद्य यंत्रों से गूंज उठेगा। देवता के कारकून विधिपूर्वक देव कार्यो को संपन्न करेंगे।