हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर होटलों में पर्यटकों के लिए 50 फीसद तक छूट, मनाली में आकर्षक ऑफर
पर्यटन नगरी मनाली के होटलों में सर्दियों के कारण अधिकतर होटलों में 40 से 50 फीसद की विशेष छूट दी जा रही है।
मनाली, जागरण संवाददाता। पर्यटन नगरी मनाली के होटलों में सर्दियों के कारण अधिकतर होटलों में 40 से 50 फीसद की विशेष छूट दी जा रही है। देशभर के पर्यटक इस छूट का लाभ भी उठा रहे हैं। बर्फबारी के बाद मनाली में जनजीवन सामान्य हो गया है। लेकिन छुटपुट दिक्कतें अभी भी जारी हैं। सैलानियों का भी इन दिक्कतों के बीच लगातार आना जाना लगा हुआ है। मनाली में क्रिसमस व न्यू ईयर को उमड़ी पर्यटको की भीड़ अभी भी जारी है।
दशकों बाद मनाली जनवरी महीने के पहले व दूसरे सप्ताह सैलानियो को आकर्षित करने में सफल रही है। होटल कारोबारी बंशी लाल, रवि ब्यास, सुशील व राजू का कहना है कि उनके होटलों में सर्दियो के चलते सैलानियों को 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। उन्होंने बताया लागतार हो रही बर्फबारी से इस बार मनाली में सैलानियों का आना जाना लगातार लगा हुआ है। उन्होंने बताया इस बार विंटर सीजन ने बेहतर रफ्तार पकड़ी हुई है तथा इन दिनों भी होटलों में 50 प्रतिशत से अधिक एक्यूपेंसी चल रही है।
इन कारोबारियों मे बताया पर्यटन का काम ठीक रहने से उन्हें भी राहत मिली है। दूसरी ओर मनाली के सभी निकटवर्ती पर्यटन स्थल बर्फ से लदे हुए हैं। रविवार सुबह से पर्यटन स्थल बाहंग में सैलानियों का मेला लगा हुआ है। सैलानी यहां बर्फ की खेलों का आनंद ले रहे हैं। हालांकि पुलिस सैलानियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा नहीं दिला पाए हैं। लेकिन पर्यटन स्थलों में सैलनियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने सैलानियों से अाग्रह किया कि वह आसपास के क्षेत्रों में ही बर्फ का आनंद लें। उन्होंने बताया मौसम के हालात सामान्य होने पर ही पर्यटकों को सोलंगनाला तक भेजा जाएगा।