रोस्टर ने फेरा अरमानों पर पानी
जागरण संवाददाता मनाली नगर परिषद मनाली से चुनाव लड़ने का सपना पाले कई दिग्गजों को रोस्टर
जागरण संवाददाता, मनाली : नगर परिषद मनाली से चुनाव लड़ने का सपना पाले कई दिग्गजों को रोस्टर से झटका लगा है। नगर परिषद की निवर्तमान अध्यक्ष नीना ठाकुर चुनावी दौड़ से बाहर हो गई हैं। पूर्व अध्यक्ष शबनम तनवर ने वार्ड अनारक्षित होने के बावजूद चुनाव नहीं लड़ने का मन बनाया है। इस बार उनके पति नवीन तनवर चुनाव लड़ेंगे।
नीना ठाकुर का वार्ड अनुसूचित जनजाति की महिला के लिए आरक्षित हो गया है। शबनम तनवर अपने पति नवीन तनवर के राजनीतिक सफर को आगे बढ़ाने के लिए मौका देंगी। नवीन तनवर पहले भी इसी वार्ड से जीतकर नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहीं सात वार्ड के सभी प्रत्याशियों की राहें भी आसान नजर नहीं होंगी। इस वार्ड से नवीन तनवर जीत दर्ज करते हैं तो वह अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हो जाएंगे। इससे शबनम तनवर का त्याग तो काम आ जाएगा, लेकिन नीना ठाकुर के राजनीतिक करियर पर पांच साल की ब्रेक नजर आ रही है।
-----------
रूप चंद नेगी भी रखे हुए हैं नजर
नगर परिषद मनाली के पूर्व अध्यक्ष रूप चंद नेगी भी हरकत में आ गए हैं। वह भाजपा व कांग्रेस समर्थित टीम पर नजर रखे हुए हैं। सूत्रों की मानें तो सभी सात वार्ड में भाजपा कांग्रेस का समर्थन न मिलने से दावेदार नाराज हो रहे हैं और चुनाव लड़ने का मन बना चुके हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि हालात देखकर रूप चंद नेगी आजाद प्रत्याशियों की टीम का गठन कर चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि रूप चंद नेगी ने बताया कि उनका चुनाव लड़ने का इरादा नहीं है, लेकिन मनाली की जनता चाहती है तो वह हालात के हिसाब से इस बारे में सोच सकते हैं।