भाजपा को न बताएं कांग्रेस के काम, नहीं तो बेच देगी : अग्निहोत्री
जागरण संवाददाता केलंग नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा को बताने की जरूरत
जागरण संवाददाता, केलंग : नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा को बताने की जरूरत नहीं है कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया, नहीं तो भाजपा सरकार सबकुछ बेच देगी। देश की जनता जानती है कि देश को बनाने वाली कांग्रेस ही है जबकि भाजपा सरकार तो देश को बेचने में जुटी है। लाहुल स्पीति की पटन घाटी का दौरा करने के बाद उदयपुर उपमंडल में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा सिर्फ दिखावा है। यह भाजपा के लिए बंटवारा यात्रा साबित होगी। भाजपा को जन आशीर्वाद की जगह माफी यात्रा शुरू करनी चाहिए। कांग्रेस सत्ता में लौटते ही ट्राइबल बजट में बढ़ोतरी करेगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार को जनजातीय लोगों की अनदेखी भारी पड़ेगी। बादल फटने से हुए नुकसान के कारण किसान दिक्कत में हैं, लेकिन डेढ़ माह बाद भी सरकार प्रभावित परिवारों तक मदद नहीं पहुंचा पाई है। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए 10 करोड़ रुपये भी कहीं रास्ते में फंस गए होंगे। जयराम सरकार प्रदेश के जनजातीय जिलों के साथ लगातार भेदभाव कर रही है। कांग्रेस सरकार के सत्ता में लौटते ही सबसे पहले लाहुल स्पीति में विकास कार्यों को प्राथमिकता गति दी जाएगी।
इस दौरान पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि सितंबर 2018 में अचानक बर्फबारी ने लाहुली किसानों की कमर तोड़ दी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने राहत के नाम पर किसानों के नाम पर भद्दा मजाक किया था। इस बार भी बाढ़ से प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से कोई मदद नहीं मिल पाई है। इससे पहले अग्निहोत्री का केलंग से उदयपुर तक जगह जगह रुक रुक कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जिला लाहुल स्पीति कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे।