दशहरा उत्सव में होगी लोकनृत्य प्रतियोगिता
इस वर्ष आठ से 14 अक्तूबर तक आयोजित किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान लोकनृत्य प्रतियोगिता करवाई जाएगी। दशहरा उत्सव कमेटी कुल्लू जिला के लोकनृत्य दलों के लिए यह प्रतियोगिता 9 से 12 अक्तूबर तक दिन के समय लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में आयोजित की जाएगी।
संवाद सहयोगी, कुल्लू : इस वर्ष आठ से 14 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान लोकनृत्य प्रतियोगिता करवाई जाएगी। दशहरा उत्सव कमेटी कुल्लू जिला के लोकनृत्य दलों के लिए यह प्रतियोगिता नौ से 12 अक्टूबर तक दिन के समय लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में आयोजित की जाएगी।
जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर ने बताया कि यह प्रतियोगिता प्रतिदिन सुबह 10 बजे से आरंभ होगी। लोकनृत्य दलों में नर्तकों, गायकों और वादकों सहित कुल कलाकारों की संख्या 20 से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रस्तुति की अवधि 12 से 15 मिनट तक होगी। प्रतियोगिता में पारंपरिक नृत्य, गीत एवं वादन ही प्रस्तुत किया जाएगा तथा संबंधित दल केवल अपने ही क्षेत्र में प्रचलित नृत्य, गीत एवं संगीत प्रस्तुत करेगा। विभिन्न क्षेत्रों का मिला-जुला लोकनृत्य, गायक और वादक दल प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा। लोकनृत्य दलों द्वारा परंपरागत वाद्यों का प्रयोग ही किया जाएगा। नर्तकों, गायकों और वादकों के परिधान एवं आभूषण परंपरागत एवं मूल होने चाहिए। निर्णायक मंडल द्वारा लिया गया निर्णय अंतिम व सर्वमान्य होगा। जिला भाषा अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले दलों को दशहरा उत्सव समिति कुल्लू द्वारा नकद पुरस्कार एवं ट्राफी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक जिला कुल्लू के लोकनृत्य दल पांच अक्टूबर से पहले देव सदन स्थित जिला भाषा अधिकारी कार्यालय में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।