प्रदर्शनी व रथ मैदान में चलाया स्वच्छता अभियान
वन परिवहन युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविद सिंह ठाकुर ने आज ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में जिला प्रशासन व नगर परिषद द्वारा आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया। वन मंत्री अभियान में भाग लेने से पहले रास्ते में स्वच्छता का जायजा लेने के लिए परिधि गृह से पैदल रथ मैदान पहुंचे।
संवाद सहयोगी, कुल्लू : वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविद सिंह ठाकुर ने आज ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में जिला प्रशासन व नगर परिषद द्वारा आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया। वन मंत्री अभियान में भाग लेने से पहले रास्ते में स्वच्छता का जायजा लेने के लिए परिधि गृह से पैदल रथ मैदान पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले झाडू उठाकर साफ-सफाई करनी आरंभ कर दी जिसे देखकर मौके पर मौजूद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों व नगर परिषद के कर्मियों ने भी मैदान में पड़ा कचरा हटाना शुरू किया दिया। उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा भी पूरी तत्परता के साथ सभी लोगों के साथ साफ-सफाई करती नजर आई। वन मंत्री ने दशहरा उत्सव में आए लोगों के लिए स्वच्छता का यह एक प्रभावी संदेश दिया।
वन मंत्री एवं दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष ने कहा कि इस बार उत्सव के दौरान कचरा न फैले इसके लिए समुचित व्यवस्था की गई है। गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग करके नगर परिषद के कर्मियों को सौंपने के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 60 से अधिक स्वयंसेवकों को भी ढालपुर मैदान में स्वच्छता पर नजर रखने के लिए तैनात किया गया है। इसके अलावा 100 से अधिक सफाई कर्मियों को केवल ढालपुर के मैदानों की सफाई के लिए लगाया गया है। गोविद ठाकुर ने कहा कि उत्सव के दौरान थर्मोकोल के कप प्लेटों व प्लास्टिक के गिलास व अन्य वस्तुओं के प्रयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है और दोषी पाए जाने पर जुर्माना लगाया जा रहा है। इस बार दशहरा उत्सव में सफाई की व्यवस्था काफी अच्छी और संतोषजनक है। इसके लिए उन्होंने नगर परिषद की सराहना की। स्वच्छता अभियान में नगर परिषद के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, पार्षदगण, अधिकारीगण तथा सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। वन मंत्री ने कहा कि दशहरा उत्सव समिति और नगर परिषद की ओर से 300 सफाई कर्मियों को उपहार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने वन विभाग व ग्रामीण विकास विभाग को जल्द से डंपिग साइट की तलाश करने को कहा ताकि कचरे का सही निदान सुनिश्चित किया जा सके।