गीता के स्वजन को मिले सरकारी नौकरी
आंगनवाड़ी कर्मचारी जिला संघ कुल्लू एवं भारतीय मजदूर संघ की अध्यक्ष दमयंती राजपूत और जिला की समस्त कार्यकारिणी ने पोलियो डियूटी के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गीता देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
संवाद सहयोगी, कुल्लू : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता देवी पत्नी भाग चंद निवासी मैल सैंज की मौत पर लोगों में दुख के साथ प्रशासन के खिलाफ गुस्सा भी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका संघ की प्रधान योगा रानी ने गीता के स्वजनों को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं पल्स पोलियो, बीएलओ, जनगणना आदि के कार्य काफी चुनौतीपूर्ण होते हैं, लेकिन फिर भी हम सारे काम समय पर पूरे करती हैं। इसके बावजूद सुविधा के नाम पर हमें कुछ हासिल नहीं होता। दुर्गम क्षेत्रों में ड्यूटी देने पर हमारे स्वजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार पति या बेटे को साथ ले जाना पड़ता है, लेकिन मानदेय तक पर्याप्त नहीं मिलता।
गीता देवी रविवार को दुर्गम इलाके शाक्टी में बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने जा रही थी। उनके पति भी साथ थे। उन्होंने बर्फ पर 18 में से करीब 15 किलोमीटर सफर तय कर लिया था। इस दौरान बर्फ पर फिसलने से गीता खाई में गिर गई और उसकी मौत हो गई।
--------
स्वास्थ्य व बाल विकास विभाग भी दे मुआवजा
जागरण संवाददाता, मनाली : आंगनबाड़ी कर्मचारी जिला संघ कुल्लू व भारतीय मजदूर संघ की अध्यक्ष दमयंती राजपूत गीता देवी की मौत पर शोक व्यक्त किया है। दमयंती ने कहा कि प्रदेश सरकार गीता के स्वजनों को बिना शर्त सरकारी नौकरी दे। कहा कि स्वास्थ्य विभाग के साथ बाल विकास विभाग भी गीता के परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि आज सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा राम भरोसे है। प्रदेश सरकार से आग्रह किया की कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विचार किया जाए और सभी के भविष्य को सुरक्षित किया जाए।