हंसा गांव में डाला उत्सव की धूम
जागरण संवाददाता काजा लाहुल स्पीति के हंसा गांव में डाला उत्सव के साथ साथ स्नो फेस्टिवल की
जागरण संवाददाता, काजा : लाहुल स्पीति के हंसा गांव में डाला उत्सव के साथ साथ स्नो फेस्टिवल की भी धूम रही। डाला उत्सव देवता जमलू के हंसा गांव में आने पर मनाया जाता है। सर्दियों के प्रवास के बाद हर साल जमलू देवता यहां आते हैं, जिसके बाद गांव के लोग यहां पर कार्यक्रम आयोजित करते हैं। इस मौके पर एसडीएम जीवन सिंह नेगी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मुख्यातिथि एसडीएम जीवन सिंह नेगी ने कहा कि जमलू देवता जब यहां आते हैं तो उसी मौके पर डाला मनाया जाता है। इस बार स्नो फेस्टिवल भी इसी के साथ मनाया जा रहा है। इस पारंपरिक पद्वति को आगे ले जाना है। हमारा उदेश्य अपनी संस्कृति को पर्यटन से जोड़ना है, ताकि लोगों की आर्थिकी मजबूत हो सके और लोगों की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि लोकगीत गाने वाली गटूक आंगमो आवाज की धनी हैं, जिसके कारण आज भी स्पीति के लोकगीत जीवित हैं। उन्होंने अंगमो को खतका पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद स्थानीय कलाकार टशी छेरिग ने लोकगीत खमबा दला पेश किया। मुख्यातिथि ने सभी कलाकारों को सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में टशी डांस महिला मंडल गांव, गर डांस युवक मंडल ने कार्यक्रम पेश किया। कार्यक्रम में बर्फ से कई तरह की कलाकृतियां बनाई गईं, जिसमें मुख्यतौर की मोनेस्ट्री रेड फोक्स, आइवेक्स आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में पारंपरिक पत्थर के बर्तनों के अलावा पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस मौके पर नोडल अधिकारी नायब तहसीलदार विद्या सिंह नेगी, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग टशी ज्ञामचो, सोनम आंगदुई जेई लोक निर्माण विभाग, मुस्लिग स्कूल के प्रधानाचार्य छेरिग बौद्ध, लोसर पंचायत के प्रधान रिचेन डोलमा, नंबरदार दोरजे संडूप, मोहन सिंह, केशंग, टाकपा तेनजिन, टाकपा आंगचुक, टाकपा कारपा, दोरजे ज्ञाल्सन, टशी गोंपो, तंडूप और स्मतन आदि मौजूद रहे।