खांसी व जुकाम होने पर तुरंत चिकित्सक से करवाएं जांच
संवाद सहयोगी कुल्लू मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि कोरोना से
संवाद सहयोगी, कुल्लू : मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि कोरोना से सुरक्षा के लिए मास्क पहनना और शारीरिक दूरी नियम का पालन करना अनिवार्य है। आनी व निरमंड विकास खंड में कोरोना पॉजिटिव की दर बहुत ही कम है। होम आइसोलेशन गाइडलाइन पुस्तिका आशा वर्करों को उपलब्ध करवा दी है। आशा वर्कर होम आइसोलेशन संक्रमित मरीजों की निरंतर निगरानी कर रही हैं। उन्हें संतुलित व पौष्टिक आहार लेने के साथ स्वच्छता, मास्क, शारीरिक दूरी, अलग से साफ कमरा तथा शौचालय के प्रयोग की भी जानकारी प्रदान की जा रही है। यदि किसी भी व्यक्ति को खांसी, जुकाम, बुखार, शरीर दर्द के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। जिला कुल्लू में अभियान को गहनता से मास मोड में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना पॉजिटिव को 10 दिन तक होम आइसोलेशन में रखा जाता है। आठवें, नौवें तथा दसवें दिन उसमें बुखार तथा अन्य लक्ष्ण न दिखाई देने पर उसे हेल्थ पोर्टल पर छुट्टी दी जाती है। इसके अतिरिक्त उसे अगले सात दिन तक दोबारा होम आइसोलेशन में रहना होता है।
निरमंड में 32 तथा आनी में केवल तीन कोरोना संक्रमित हैं। सभी बीएमओ को होम आइसोलेशन से संबंधित दिशानिर्देश की पुस्तक उपलब्ध करवा दी है।