सिक्किम की सेलो सुरंग में अपनाई तकनीक से रोका सेरी नाले का रिसाव
जागरण संवाददाता मनाली सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण अटल रोहतांग सुरंग जल्द राष्ट्र को समि
जागरण संवाददाता, मनाली : सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण अटल रोहतांग सुरंग जल्द राष्ट्र को समर्पित हो जाएगी। सुरंग का काम पूरा हो गया है। आजकल फिनिशिंग कार्य चल रहा है। अटल रोहतांग सुरंग परियोजना के चीफ इंजीनियर विशेष सेवा मेडल प्राप्त केपी पुरसोथमन ने बताया कि सुरंग निर्माण में सेरी नाले का रिसाव व कंक्रीट के दौरान फिनिशिग का कार्य सबसे बड़ी चुनौती रहा। सेरी नाले का रिसाव सुरंग निर्माण में बाधा बन रहा था। सिक्किम में बनी सेलो सुरंग के निर्माण में भी इसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ा था। वहां अपनाई तकनीक को यहां अपनाकर सेरी नाले की चुनौती से पार पाया।
केपी पुरसोथमन ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के मार्ग दर्शन में अनेक दिक्कतों के बावजूद स्ट्रॉबेग एफकॉन व समेक कंपनी ने इस आधुनिक सुरंग को तैयार कर लिया है। सेरी नाले में आई रिसाव की समस्या से बीआरओ सहित निर्माण से जुड़े सभी इंजीनियर को बहुत कुछ सीखने को भी मिला है। जहां चुनौती मिलती है वहां काम करने में और भी मजा आता है। सिक्किम में बनी सेलो सुरंग के निर्माण में भी इसी तरह की चुनौती का सामना किया था। उस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद भारत सरकार द्वारा विशेष सेवा मेडल से सम्मानित किया था।
केपी पुरसोथमन ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-1 जम्मू-कश्मीर, आइलैंड में एयरपोर्ट व सड़क, राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र में सड़क का निर्माण, ऋषिकेश व गंगोत्री में दलदल वाली जगह पर सड़क का निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यो को पूरा किया। अटल रोहतांग सुरंग के अंदर आकर्षक फुटपाथ, दोनों पोर्टल पर काष्ठकुणी व बौद्ध शैली में भव्य गेट बनाकर सुरंग को तैयार किया गया है। अब सुरंग की साफ सफाई व उसकी सुंदरता का कार्य शुरू कर दिया है। ये सभी कार्य दो सप्ताह के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे।