राजा का तालाब में दो बच्चों की मां कुएं में कूदी, पुलिस ने शव निकाल शुरू की जांच Kangra News
पुलिस थाना क्षेत्र नूरपुर के अंतर्गत कस्बा राजा का तालाब के नजदीकी गांव बल्ला में एक महिला ने कुएं में कूद कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जसूर, जेएनएन। पुलिस थाना क्षेत्र नूरपुर के अंतर्गत कस्बा राजा का तालाब के नजदीकी गांव बल्ला में एक महिला ने कुएं में कूद कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान 42 वर्षीय संगीता पत्नी सतीश निवासी बल्ला, डाकघर तलाड़ा के तौर पर हुई है। महिला के दो बच्चे हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब चार बजे के आसपास की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है उक्त महिला काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। महिला का पठानकोट के एक निजी अस्पताल से उपचार भी चल रहा था। बुधवार सुबह उक्त महिला ने घर के ही नजदीक एक कुएं में कूदकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।
बुधवार सुबह पांच बजे के करीब जब स्वजनों ने देखा तो उक्त महिला कुएं में अचेत थी। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नूरपूर डाक्टर साहिल अरोड़ा, थाना प्रभारी मोहन लाल भाटिया ने भी पुलिस टीम के साथ मौके का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर नूरपुर के सिविल अस्पताल भिजवाया। यहां शव का पोस्टमार्टम करवा कर स्वजनों को सौंपा जाएगा। डीएसपी साहिल अरोड़ा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की कार्रवाई जारी है।