हिमाचल के गांवों में पांव पसार रहे नशा तस्कर, भदरोया में हेराइन की बड़ी खेप समेत महिला गिरफ्तार Kangra News
जिला कांगड़ा के पुलिस थाना डमटाल की टीम ने भदरोया में गश्त के दौरान एक महिला को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है।
भदरोया, मुकेश सरमाल। जिला कांगड़ा के पुलिस थाना डमटाल की टीम ने भदरोया में गश्त के दौरान एक महिला को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। डीएसपी नूरपूर डॉक्टर साहिल अरोड़ा ने बताया पुलिस थाना डमटाल की टीम भदरोया टू थपकौर रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान भदरोया गांव को जाने बाली एक गली से एक महिला मुख्य मार्ग की तरफ आ रही थी। जैसे ही उसकी नजर गश्त कर रही पुलिस पार्टी पर पड़ी तो वह वापस मुड़कर भागने की कोशिश करने लगी।
पुलिस को महिला की हरकतों पर शक हुआ और महिला आरक्षी ने उसे धर दबोच लिया। महिला पुलिस आरक्षी ने जब उसकी तलाशी ली तो बरामद एक पाउच से 9.9 ग्राम चिट्टा निकला। आरोपित महिला की पहचान सोनिया पत्नी नरेंद्र कुमार निवासी भदरोया तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपित महिला के खिलाफ पुलिस थाना डमटाल में मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हिमाचल प्रदेश की युवा पीढ़ी लगातार चिट्टे की गिरफ़त में फंसती जा रही है। अब महिलाएं भी चिट्टे के कारोबार में संलिप्त हो गई हैं। शहर ही नहीं गांव स्तर पर यह नशे का कारोबार पांव पसार चुका है, जो चिंतनीय है।