ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट पर आंधी और बारिश का साया, पश्िचमी हवाएं होंगी सक्रिय; अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने छह से आठ नवंबर तक मौसम खराब रहने की आशंका जताई है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने छह से आठ नवंबर तक मौसम खराब रहने की आशंका जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस दाैरान पश्िचमी हवाएं सक्रिय रहेंगी। ऐसे में धर्मशाला में सात और आठ नवंबर को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट पर आंधी व बारिश का साया मंडरा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने छह व सात नवंबर को प्रदेश के तीन जिलों में आंधी चलने व बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने छह नवंबर को कांगड़ा, चंबा व मंडी जिलों में आंधी चलने व बारिश की संभावना के मद्देनजर यलो अलर्ट जारी किया है। इन तीनों जिलों में सात नवंबर को आंधी व भारी बारिश होने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यलो अलर्ट में लोगों को सचेत रहने की सलाह दी जाती है। वहीं, ऑरेंज अलर्ट में लोगों को सचेत रहने के अलावा प्रशासन को किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा जाता है। मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी के बाद प्रशासन को उचित प्रबंध करने को कहा गया है। विशेषज्ञों के अनुसार पांच नवंबर को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। वहीं, शिमला में सोमवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सुबह व शाम ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों के साथ मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है।