उत्कृष्ट बीज उत्पादन में नालागढ़ के विनीत को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
सोलन जिला के नालागढ़ के युवा ने उत्कृष्ट बीज उत्पादन में हिमाचल का नाम पूरे देश में ऊंचा किया है। विनीत गुप्ता को किसानों की आय बढ़ाने में प्रयोग होने वाले बीज उत्पादन में अहम भूमिका निभाने के लिए केंद्रीय मत्स्य पालन पुरुषोत्तम रूपाला ने अवार्ड देकर सम्मानित किया है।
बद्दी, रणेश राणा।
सोलन जिला के नालागढ़ के युवा ने उत्कृष्ट बीज उत्पादन में हिमाचल का नाम पूरे देश में ऊंचा किया है। विनीत गुप्ता को किसानों की आय बढ़ाने में प्रयोग होने वाले बीज उत्पादन में अहम भूमिका निभाने के लिए केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन व डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने अवार्ड देकर सम्मानित किया है। यह अवार्ड उन्हें प्रोग्रेसिव एग्री लीडरशिप समिट 2021 के तहत नौणी विश्वविद्यालय सोलन में आयोजित समारोह में दिया गया। इसमें सात राज्यों हिमाचल, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर, उत्तराखंड व राजस्थान के किसानों ने भाग लिया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला मुख्य अतिथि थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रदेश के कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर उपस्थित हुए। यह कार्यक्रम कृषि उद्यमी कृषक विकास चैंबर द्वारा नौणी विश्वविद्यालय, सिक्किम राज्य सहकारी आपूर्ति व विपणन संघ लिमिटेड के सहयोग से आयोजित किया गया था। विनीत नालागढ़ के रहने वाले हैं और वहां पर कृषि के क्षेत्र में कार्य करने वाली कृषि बेस्ट सीड्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से नामी कंपनी चलाते हैं। उनका चयन उत्कृष्ट सब्जी उत्पादन के लिए सात राज्यों में बेस्ट स्टार्टअप के लिए किया गया। वह अपनी कंपनी के माध्यम से लगातार बीजों के उत्पादन पर शोध करते रहते हैं और इसके लिए बिहार, हिमाचल, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ में लगातार कार्य कर रहे हैं। विनीत के लगातार प्रयासों से ही किसानों को सभी प्रकार की सब्जियों के उत्तम बीज उपलब्ध हुए जिससे उनकी आय में भी अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई। किसानों ने आर्गेनिक खेती करके नए आयाम स्थापित किए।
विनीत गुप्ता ने कहा कि वह देश के साथ अन्य राज्यों की किसानों की आय दोगना करने के लिए अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में सब्जी उत्पादन अन्य कृषि के अलावा बड़े स्तर पर होता है व हिमाचल की जैविक सब्जी व फल पूरे देश में जाते हैंं। अब हिमाचल में प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ते किसानों हमारे बीज का भरपूर लाभ मिलेगा। यह अवार्ड प्रदेश सरकार ने उन्हें चार राज्यों हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा व जम्मू कश्मीर में किए गए एक सर्वे के आधार पर सर्वश्रेष्ठ बीज उत्पादन के क्षेत्र में चयनित करके दिया गया। इस श्रेणी का अवार्ड पाने वाली विनीत गुप्ता उत्तर भारत के एक मात्र प्रतिभागी थे। इस अवसर पर अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।