शाहपुर और बैजनाथ में दो वाहन चालकों ने रौंदे राहगीर, एक व्यक्ति की मौत; पांच साल का मासूम घायल
दीपावली पर शाहपुर व बैजनाथ क्षेत्र में दो वाहन चालकों ने राहगीरों को टक्कर मार दी इसमें एक की मौत हो गई जबकि एक पांच साल का मासूम घायल हो गया। शुक्रवार देर रात शाहपुर बाजार में अज्ञात वाहन के चालक ने विशाल कुमार को टक्कर मार दी।
धर्मशाला, जेएनएन। दीपावली पर शाहपुर व बैजनाथ क्षेत्र में दो वाहन चालकों ने राहगीरों को टक्कर मार दी, इसमें एक की मौत हो गई, जबकि एक पांच साल का मासूम घायल हो गया। शुक्रवार देर रात शाहपुर बाजार में अज्ञात वाहन के चालक ने विशाल कुमार निवासी टल दरीणी तहसील शाहपुर को पैदल जाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर से विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। टक्कर मारने वाले वाहन चालक का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
इसके अलावा पुलिस थाना बैजनाथ में तहत पड़ते धरेड़ गांव में एक कार नंबर एचपी-76-4260 के चालक विजय कुमार निवासी गांव व डाकघर पाली, तहसील पद्दर मंडी तेज रफ्तारी व लापरवाही से चलाते हुए पांच साल के स्थानीय बच्चे अभिनव ठाकुर को टक्कर मार कर घायल कर दिया।टक्कर से अभिनव गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ 279, 337 आइपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।