यहां शरारती तत्वों ने शाम होने से पहले ही जला दिया रावण का पुतला, आयोजक व जनता निराश
धर्मपुर में शरारती तत्वों ने मंगलवार तड़के रावण कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले जला दिए। इससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है।
धर्मपुर, जेएनएन। धर्मपुर में शरारती तत्वों ने मंगलवार तड़के रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले जला दिए। इससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। विभिन्न संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से शरारती तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उपमंडल धर्मपुर में दो साल से दशहरा पर्व मनाया जा रहा है। विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल धर्मपुर के प्रबंधन ने इसकी शुरुआत की थी। स्कूली बच्चे साथ लगते धर्मपुर कॉलेज के मैदान में दिन के समय झांकी निकालते हैं। शाम को रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाए जाते हैं। सोमवार को स्कूली बच्चों, स्टाफ व लोगों ने पुतले बनाए थे।
पुतलों की सुरक्षा के विद्यार्थी देर रात तक स्कूल में डटे रहे। पुलिस भी निगरानी कर रही थी। तड़के पांच बजे पुलिस कर्मी वहां से गश्त करते हुए बाजार व बैंक की ओर निकले तो पीछे से शरारती तत्वों ने पुतलों को आग लगा दी और भाग गए। व्यापार मंडल धर्मपुर के प्रधान ठाकुर दास व अन्य समाजसेवियों ने इस घटनाक्रम की ङ्क्षनदा की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।