Traffic Jam Gaggal: पुलिस की अव्यवस्था से गगल में कई किलोमीटर तक जाम, लोग परेशान
Traffic Jam on Mandi Pathankot NH पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग 154 पर गगल में शनिवार को लगातार जाम लगता रहा। सुबह से शाम तक वाहन रेंगते हुए दिखे।
गगल, जेएनएन। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग 154 पर गगल में शनिवार को लगातार जाम लगता रहा। सुबह से शाम तक वाहन रेंगते हुए दिखे। गगल चौक से कुठमां और बनाेई तक वाहनों के पहिये थम गए। कांगड़ा की तरफ इच्छी तक और धर्मशाला की तरफ मस्तपुर व चैतड़ू तक जाम लगा रहा। जाम लगने का कारण सड़क पर कोलतार बिछाने का कार्य था।इस कारण यातायात बाधित होता रहा। आलम यह था कि जाम सुबह से ही लगने शुरू हो गया। हर 15 से 20 मिनट का जाम लगना मामूली बात रही। जिस कारण लंबे रूट की बसों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री भी अपने गंतव्य में पहुंचने में लेट हुए। गगल चौक ऐसा कस्बा है, यहां से धर्मशाला, कांगड़ा और शाहपुर व पठानकोट की तरफ वाहन आवाजाही करते हैं। यहां यातायात का दबाव ज्यादा रहता है। ऐसे में जरा सी लापरवाही ने लोगों को जाम ने परेशान कर दिया।
कोलतार डालने के कार्य की पहले से प्रशासन को सूचना थी, लेकिन बावजूद इसके पुलिस ने यातयात को सुचारू रखने के लिए कोई विशेष प्रबंध नहीं कर रखे थे। इस कारण लोगों को सुबह से शाम तक परेशानी से दो-चार होना पड़ा। यातायात पुलिस प्रभारी राजेश चड्ढा ने बताया कोलतार डालने के कार्य के कारण यातायात व्यवस्था चरमराई है। लेकिन दो पुलिस जवान मौके पर तैनात किए गए हैं, जो व्यवस्था सुधारने में लगे हैं।