पर्यटकों को बुला रही हिमाचल की खूबसूरत वादियां, दशहरा से पहले उमड़े सैलानी, देखिए तस्वीरें
Himachal Beautiful Destination हिमाचल में पर्यटकों की आमद बढ़ी है। अटल टनल रोहतांग के शुरू होने के बाद मनाली और लाहुल में सैलानियों की संख्या में एकाएक इजाफा हुआ है। दशहरा पर्व से पहले नवरात्र में धर्मिक पर्यटन सहित मनाली के सभी पर्यटन स्थल सैलानियों से चहक उठे हैं।
मनाली, जेएनएन। हिमाचल में पर्यटकों की आमद बढ़ी है। अटल टनल रोहतांग के शुरू होने के बाद मनाली और लाहुल में सैलानियों की संख्या में एकाएक इजाफा हुआ है। दशहरा पर्व से पहले नवरात्र में धर्मिक पर्यटन सहित मनाली के सभी पर्यटन स्थल सैलानियों से चहक उठे हैं। पर्यटन नगरी मनाली सहित शीतमरुस्थल लाहुल घाटी भी पर्यटकों से गुलजार हो गई है। माता हिडिंबा मंदिर सहित वशिष्ठ व मनु मंदिर में पर्यटकों सहित स्थानीय भक्तों का तांता लगा हुआ है।
प्रकृति की गोद में बसी देवभूमि कुल्लू मनाली की खूबसूरती अलग है। यहां पर्यटन कारोबार में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। खास बात यह है कि मनाली व लाहुल की हर ऋतु में घूमने का लुत्फ लिया जा सकता है। कई स्थान ऐसे हैं, जहां हर मौसम में घूमने की अलग ही अनुभूति होती है। धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ यहां साहसिक खेलों के जरिये भी प्रकृति को निहारने का मौका मिलता है।
नवरात्र में कुल्लू मनाली के मंदिरों में रौनक बढ़ी है। साथ ही पर्यटकों की आमद भी बढ़ी है। शीत मरुस्थल लाहुल घाटी भी मनाली पहुंच रहे पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है। लाहुल घाटी के सिस्सु, राजा घेपन मंदिर, केलंग, जिस्पा, त्रिलोकीनाथ व मृकुला मंदिर में पर्यटक श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। दशहरे से पहले नवरात्र में बढ़ी पर्यटकों की चहल कदमी से कुल्लू मनाली के पर्यटन कारोबारियों ने भी राहत की सांस ली है।
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली के माल रोड पर रात के समय घूमते पर्यटक। यहां सुबह शाम काफी ठंड है। पर्यटक यहां के मौसम का आनंद ले रहे हैं। सैलानी मनाली माल रोड पर घूमते हुए शापिंग भी करते हैं।