Video : सोलंगनाला में अचानक बर्फबारी से फंसे पर्यटक वाहन, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू आपरेशन
Snowfall in Solangnala बर्फ का दीदार करने सोलंगनाला गए पर्यटक उस समय दिक्कत में पड़ गए जब शाम पांच बजे अचानक बर्फ़बारी शुरू हो गई। खतरे से अनजान पर्यटक बर्फ के फाहे गिरते देख झूम उठे। पर्यटकों ने अपने वाहन पार्किंग में खड़े किए थे।
मनाली, जागरण संवाददाता। Snowfall in Solangnala, बर्फ का दीदार करने सोलंगनाला गए पर्यटक उस समय दिक्कत में पड़ गए जब शाम पांच बजे अचानक बर्फ़बारी शुरू हो गई। खतरे से अनजान पर्यटक बर्फ के फाहे गिरते देख झूम उठे। पर्यटकों ने अपने वाहन पार्किंग में खड़े किए थे। हालांकि पुलिस ने पर्यटकों को मनाली लौटने को कहा, लेकिन पर्यटक काफी देर तक बर्फ में मस्ती करते रहे। अटल टनल बंद होने के कारण शुक्रवार को सोलंगनाला में लगभग 2500 पर्यटक वाहन पहुंचे थे।
मनाली के सोलंगनाला में बर्फ़बारी के दौरान फंसे पर्यटक वाहन। प्रशासन रेस्क्यू करने में जुटा। pic.twitter.com/OcDxSMQERE
— virender thakur (@VirenderKthakur) December 17, 2021
छह बजे के बाद पुलिस ने सख्ती की और पर्यटक वाहनों को मनाली भेजना शुरू किया। स्थानीय टैक्सियों में गए पर्यटक तो आसानी से मनाली लौट आए, लेकिन अपने वाहनों में गए पर्यटक दिक्कत में घिर गए। बर्फ में गाड़ी चलाने का अनुभव न होना उनके लिए दिक्कत भरा हो गया। कुछ एक पर्यटकों के वाहन फिसल कर इधर-उधर जा टकराए जिससे हल्का नुकसान भी हुआ।
मनाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एक-एक करके पर्यटक वाहनों को सोलंगनाला पार्किंग से बाहर निकाला। स्थानीय फोर व्हील ड्राइव वाहन चालकों ने पर्यटकों को निश्शुल्क सोलंगनाला से पलचान और नेहरुकुंड पहुंचाया।
पुलिस ने अपने फोर व्हील ड्राइव वाहन के सहारे बहुत से पर्यटकों को वाहन निकालने में मदद की। सोलंगनाला से मनाली तक लगभग 15 किमी का सफर तीन घंटों में पूरा कर पाए। उधर, डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि बर्फ़बारी के कारण पर्यटक वाहन सोलंगनाला में फंस गए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया ओर सभी पर्यटकों को सुरक्षित मनाली पहुंचाया।