काबुल एयरपोर्ट पर नहीं पहुंचा विमान, अब वीरवार को 90 साथियों के साथ स्वदेश लौटेगा मंडी का नवीन
अफगानिस्तान के काबुल में फंसा हिमाचल के मंडी जिले के सरकाघाट का नवीन ठाकुर 90 साथियों के साथ वीरवार को भारत पहुंचेगा। 150 लोगों को लेकर एक विशेष विमान काबुल से भारत आएगा। शाम सात बजे तक विमान काबुल एयरपोर्ट नहीं पहुंचा था।
मंडी, जागरण संवाददाता। अफगानिस्तान के काबुल में फंसा हिमाचल के मंडी जिले के सरकाघाट का नवीन ठाकुर 90 साथियों के साथ वीरवार को भारत पहुंचेगा। 150 लोगों को लेकर एक विशेष विमान काबुल से भारत आएगा। शाम सात बजे तक विमान काबुल एयरपोर्ट नहीं पहुंचा था। नवीन ठाकुर व उसके साथियों को भारतीय दूतावास से बुधवार दोपहर बाद काबुल एयरपोर्ट ले जाया गया था। शाम सात बजे तक विमान न आने की पुष्टि खुद नवीन ठाकुर ने दैनिक जागरण को वाट्सएप संदेश भेजकर की है।
भारतीय दूतावास ने नवीन ठाकुर की कंपनी से दस्तावेज का सत्यापन करने के बाद ही दोपहर बाद एयरपोर्ट जाने की अनुमति दी गई। सुबह काबुल एयरपोर्ट पहुंचने पर नवीन ठाकुर को सत्यापन के चलते यूएस आर्मी ने रोक दिया था। नवीन ठाकुर अफगानिस्तान में एक कंपनी में सिक्योरिटी आफिसर पर के पद पर कार्यरत था। उसकी स्वजन से दोपहर बाद बात हुई है। मां पदमा देवी ने नवीन से बात करने की पुष्टि की है। वह चार दिन से अपने साथियों के साथ काबुल स्थित भारतीय दूतावास में ठहरा हुआ था। नवीन के शुक्रवार सुबह तक घर पहुंचने की उम्मीद है।
वहीं सरकाघाट के ही सिक्योरिटी आफिसर राहुल भुरारी ने बताया कि बुधवार देर शाम तक उनके साथ कोई संपर्क दूतावास की ओर से नहीं किया गया है। जब उन्होंने स्वयं दूतावास से जानकारी हासिल की तो उनसे पुन: रिकार्ड मांगा गया। वह तीन बार अपना रिकार्ड दूतावाज को भेज चुके हैं और वहां से दो तीन दिन रुकने के लिए कहा गया है। मंगलवार रात को तालिबान लड़ाकों और कंपनी के अधिकारियों के बीच बैठक हुई है, लेकिन उसकी जानकारी उनको नहीं दी गई है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की है कि जल्द उनको और अन्य भारतीयों को निकालने का प्रबंध किया जाए।
उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान में हिमाचल प्रदेश के दो युवक फंसे हुए हैं।