दिवाली पर धर्मशाला से दिल्ली के लिए चलेगी वॉल्वो बस, तीन दिन से दौड़ रहीं स्पेशल बसें
हिमाचल पथ परिवहन निगम का धर्मशाला डिपो दिवाली पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल वोल्वो बस मैक्लोडगंज से दिल्ली के लिए चलाएगा।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल पथ परिवहन निगम का धर्मशाला डिपो दिवाली पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल वोल्वो बस मैक्लोडगंज से दिल्ली के लिए चलाएगा। यह बस रविवार रात साढ़े 9 बजे मैक्लोडगंज से चलेगी। इसके बाद 10 बजकर 10 मिनट पर धर्मशाला से और 11 बजे कांगड़ा से दिल्ली के लिए ज्वालामुखी, देहरा होते हुए रवाना होगी। दीपों के त्योहार मनाने के लिए कई पर्यटक धर्मशाला पहुंचते हैं और उनकी सुविधा के लिए यह बस शुरू की जाएगी। पर्यटकों व यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए उपरोक्त स्पेशल बस सेवा एचआरटीसी मुहैया करवाएगा।
कांगड़ा में भी मिलेगी स्पेशल बस सुविधा
27 अक्टूबर को कांगड़ा से भी विभिन्न स्थानों के लिए स्पेशल बस सेवा एचआरटीसी मुहैया करवाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मशाला पंकज चड्ढा ने निगम के चालकों, परिचालकों समेत स्टाफ को निर्देश दिए हैं, ताकि कांगड़ा से धर्मशाला, नगरोटा बगवां, पालमपुर व शाहपुर जाने वाले यात्रियों को परेशानी न हो। स्पेशल बस सेवा के रूप में सामान्य बसें दौड़ेंगी। यह सेवा सुबह से ही कांगड़ा बस स्टैंड से उपलब्ध रहेगी।
तीन दिन में धर्मशाला पहुंची 19 स्पेशल बसें
एचआरटीसी के धर्मशाला डिपो की 24 अक्टूबर से शुरू हुई स्पेशल बस सेवा के तहत तीन दिन में चंडीगढ़ व दिल्ली से 19 स्पेशल बसें पहुंची हैं। इनमें तीन वोल्वो जबकि 16 सामान्य बसें शामिल हैं। 24 अक्टूबर को दिल्ली से तीन बसें जबकि चंडीगढ़ से भी तीन बसें धर्मशाला पहुंची, जिनमें एक वोल्वो भी शामिल है। 25 अक्टूबर को दिल्ली से तीन बसें जबकि चंडीगढ़ से भी इतनी ही बसें पहुंची, जिसमें एक वोल्वो बस शामिल है। 26 अक्टूबर को दिल्ली से 4 बसें जबकि चंडीगढ़ से तीन बसें, जिसमें एक वोल्वो शामिल है।
दिवाली पर हर वर्ष ही एचआरटीसी स्पेशल बसें चलाता है, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। दिवाली पर कांगड़ा से भी लोकल रूटों पर भी स्पेशल बसें चलाई जा रही हैं, ताकि यात्रियों को कोई दिक्कत न आए। अक्सर कांगड़ा पहुंचने के बाद यात्रियों को गंतव्य पहुंचने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। -पंकज चड्ढा, क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मशाला एचआरटीसी।