बर्फ से ढक गया शिमला शहर, पर्यटकों ने रिज पर हिमपात देख दी यह प्रतिक्रिया, देखिए तस्वीरें
Snowfall In Shimla City हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। जाखू मंदिर सहित शिमला रिज व माल रोड पर ताजा हिमपात हुआ है। पर्यटकों ने जहां बर्फ में मस्ती की तो वहीं स्थानीय लोगों की दिक्कत बढ़ गई है।
शिमला, रिकांगपिओ, जारगण टीम। Snowfall In Shimla City, हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। जाखू मंदिर सहित शिमला रिज व माल रोड पर ताजा हिमपात हुआ है। पर्यटकों ने जहां बर्फ में मस्ती की तो वहीं स्थानीय लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ है। इस कारण जरूरी सामान की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। इसके अलावा ऊपरी शिमला में नारकंडा व कुफरी के इलाके में भारी बर्फबारी से यातायात ठप हो गया है। कई बसें रूटों पर फंस गई हैं। मौसम विभाग ने आठ से 10 जनवरी तक ऊपरी क्षेत्रों में भारी हिमपात की संभावना जताई है। इसके चलते प्रशासन ने चेतावनी जारी की है।
ताजा बर्फबारी के बाद शिमला शहर का सुंदर नजारा। फोटो एएनआइ
राजधानी शिमला में सुबह से ही बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। लंबे इंतजार के बाद शिमला शहर में पर्यटकों को बर्फ देखने को मिली है, जिससे पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। पर्यटक बर्फबारी में खूब आनंद ले रहे हैं व बर्फबारी में अठखेलियां कर रहे हैं। शिमला घूमने आए पर्यटकों का कहना है कि यह उनके लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। वह बर्फबारी की उम्मीद से शिमला आए थे जो पूरी हो गई है।
शिमला रिज पर ताजा हिमपात के बीच घूमते पर्यटक व स्थानीय लोग। फोटो एएनआई
वहीं, जिला किन्नौर के लोक निर्माण विभाग कल्पा सब डिवीजन के तहत छह संपर्क मार्ग हिमपात के कारण अवरुद्ध हैं। उपायुक्त ने बताया अवरुद्ध मार्गों को आज बहाल करने की कोशिश की जाएगी। सब डिवीजन भावानगर के अंतर्गत शौंग में अवरुद्ध मार्ग को भी जल्द बहाल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पर्यटक प्रशासन की ओर से जारी चेतावनी पर अमल नहीं करते और बर्फ में फंस जाते हैं और उनको निकालने के लिए पूरे प्रशासन को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अभी भी कुछ दिल्ली के पर्यटक प्रशासन की बात न मानकर रक्षम में फंस गए थे जिन्हें शुक्रवार को सुरक्षित निकाला गया है।
Himachal Pradesh's Shimla covered under a white blanket of snow pic.twitter.com/LTFQ3eyCke— ANI (@ANI) January 8, 2022
शुनिवार सुबह से किन्नौर जिले में हिमपात शुरू हो गया। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि मौसम विभाग के अनुसार आठ जनवरी को सुबह से ही भारी हिमपात की संभावना है इसलिए जिला किन्नौर प्रशासन ने स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों से भी अपील करते हुए कहा कि खराब मौसम के चलते कोई भी बिना वजह घरों से बाहर न निकलें व पर्यटक भी बर्फ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करें।