Snowfall In Himachal: अटल टनल के दोनों छोर पर ढाई फीट बर्फबारी, हिमस्खलन का बढ़ा खतरा
Snowfall in Himachal हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल बर्फबारी से गुलजार हो गए हैं। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर भारी बर्फबारी का दौर जारी है। 24 घंटे के भीतर यहां ढाई फीट तक बर्फ रिकॉर्ड की गई है।
मनाली, जेएनएन। Snowfall in Himachal, हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल बर्फबारी से गुलजार हो गए हैं। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर भारी बर्फबारी का दौर जारी है। 24 घंटे के भीतर यहां ढाई फीट तक बर्फ रिकॉर्ड की गई है। लाहुल की समस्त घाटी में मंगलवार सुबह से भारी बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। दारचा, योचे छिका, रारिक, सिस्सु, गोंदला, खंगसर, नैनगाहर, गवाड़ी, चोखंग व मायड़ घाटी के ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में बर्फबारी अधिक होने से ग्रामीणों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा है।
धर्मशाला के पर्यटन स्थल नड्डी व धर्मकोट सहित बीड़ बिलिंग क्षेत्र में भी सफेद चादर बिछी है। इसके अलावा शिमला के पर्यटन स्थल कुफरी व नारकंडा में भी पर्यटकों ने बर्फ के बीच मस्ती की है। डलहौजी व खजियार में भी बर्फबारी हुई है।
रोहतांग दर्रे सहित शिंकुला, बारालाचा व कुंजम दर्रे में चार से पांच फीट बर्फबारी हुई है। स्पीति घाटी में भी जनजीवन प्रभावित हो गया है। लोसर, पिन वैली सहित समस्त ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का दौर जारी है। काजा में भी तीन इंच से अधिक बर्फ पड़ चुकी है।
भारी हिमपात से बढ़ा हिमस्खलन का खतरा
लागतार जारी हिमपात से लाहुल स्पीति सहित मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। लाहुल स्पीति व कुल्लू प्रशासन ने सासे की मदद से जगह चिन्हित कर लोगों को आगाह कर दिया है। मनाली की ओर नेहरुकुंड सहित सोलंगनाला से धुंधी तक हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है जबकि लाहुल घाटी में अटल टनल के नार्थ पोर्टल सहित सिस्सु व गोंदला से केलंग तक व केलंग से उदयपुर तक जगह जगह हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। डीसी लाहुल स्पीति पंकज राय ने सभी लोगों से आग्रह किया कि भारी बर्फ बारी को देखते हुए वो घरों से बाहर न निकलें।
रोहतांग दर्रे पर चार फीट से ज्यादा हिमपात
लाहुल में अटल टनल के नार्थ पोर्टल व सिस्सु में ढाई फीट, केलंग 10 इंच, जिस्पा एक फीट, छिका रारिक डेढ़ फीट, उदयपुर, 10 इंच, काजा, आधा फीट, समदो चार इंच, पिन घाटी 11 इंच, ताबो चार इंच बर्फ बारी दर्ज की गई है। रोहतांग दर्रे पर चार फीट, मनाली के राहनीनाला तीन फीट, मढ़ी ढाई फीट, गुलाबा दो फीट, कोठी एक फीट, अटल टनल के साउथ पोर्टल सवा दो फीट, धुंधी दो फीट, फातरु व अंजनीमहादेव डेढ़ फीट, सोलंगनाला एक फीट, पलचान, कुलंग व मझाच आधा फीट जबकि पर्यटन नगरी मनाली में दो इंच बर्फबारी हुई।
बर्फ से रेस्क्यू करने के बाद सख्त हुई पुलिस
भारी बर्फबारी के कारण सोलंगनाला में पर्यटक फंस गए। पुलिस रातभर रेस्क्यू करने में जुटी रही। रेस्क्यू करने के बाद पुलिस सख्त हो गई है। आज पर्यटकों को नेहरूकुंड तक ही भेजा जा रहा है। बाहरी राज्य से पर्यटकों का आना लगातार जारी है। मंगलवार जो भी बाहरी राज्य से 1200 से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे हैं।
लाहुल घाटी में भारी बर्फबारी के बाद घर की छत पर जमा हुई बर्फ को हटाती महिलाएं। लोगों को समय रहते बर्फ को हटाना पड़ता है, अन्यथा ज्यादा भार होने पर छत के टूटने का भी खतरा बन जाता है।