मनाली में गिरे बर्फ के फाहे, पर्यटकों के लिए बंद हुआ रोहतांग दर्रा
वीरवार रात पर्यटन नगरी मनाली में बर्फ के फाहे गिरे। रोहतांग में कल से बर्फ़बारी हो रही है। रात के समय दर्रे में बर्फीला तूफान आया जिस कारण बर्फ के फाहे मनाली तक पहुंच गए। रोहतांग दर्रे में आधा फीट हिमपात हुआ है।
मनाली, जागरण संवाददाता। वीरवार रात पर्यटन नगरी मनाली में बर्फ के फाहे गिरे। रोहतांग में कल से बर्फ़बारी हो रही है। रात के समय दर्रे में बर्फीला तूफान आया जिस कारण बर्फ के फाहे मनाली तक पहुंच गए। रोहतांग दर्रे में आधा फीट हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रे सहित पर्यटन स्थल राहनीनाला, ग्राम्फु, कोकसर, मढ़ी, धुंधी, सिस्सु व फातरु, अंजनी महादेव व गुलाबा में भी बर्फ की परत बिछ गई है।
शुक्रवार सुबह से ही लाहुल स्पीति व मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ़बारी का क्रम शुरू हो गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ़बारी के कारण प्रदेशभर में तापमानमें गिरावट दर्ज की गई है व मौसम ठंडा हो गया है। दूसरी ओर मौसम के करवट बदलते ही पर्यटन नगरी मनाली में भी बर्फबारी की उम्मीद बढ़ गई है। दिसंबर महीने में मनाली में दूसरी बार बर्फ के फाहे गिरे हैं। बर्फ़बारी के कारण शुक्रवर को लाहुल घाटी सैलानियों के लिए फिलहा बन्द है। हालांकि फोर व्हील ड्राइव वाहन लाहुल की ओर जा रहे हैं लेकिन अन्य वाहनों को मनाली प्रशासन ने सोलंगनाला तक ही जाने की अनुमति दी है।
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर के निर्देश पर प्रशासन ने पर्यटन स्थल गुलाबा भी पर्यटकों के लिए बहाल कर लिया है। शुक्रवार को पर्यटक अंजनी महादेव और फातरु सहित गुलाबा की वादियों में भी घूम सकेंगे। मनाली की ऊंची चोटियों मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, लद्दाखी पीक, पतालसू पीक, हनुमान टिब्बा, देउ टिब्बा, व्यास कुंड, दशौहर, भुगू झील, हामटा पास और शिरघन तुंग पर हल्का हिमपात हो रहा है। लाहुल की ओर बारालाचा, शिंकुला, कुंजुम, लेडी आफ केलंग, बड़ा व छोटा शीघ्री ग्लेशियर, चंद्रभागा रेंज सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फबारी हो रही है।
क्या कहते है एसपी लाहुल स्पीति मानव वर्मा
मौसम के पूर्वानुमान अनुसार घाटी में बादल छाए हुए है जिससे आज बर्फबारी की संभावना है। सभी प्रकार के पांगी और लाहुल के वाहनों को अनुमति है। स्थानीय, पर्यटक और टैक्सी, इन सभी प्रकार के फ़ार व्हील ड्राइव वाहन को ही अनुमति है। पर्यटक वाहन जो फ़ार व्हील ड्राइव वाहन नहीं हैं उन्हें अनुमति नहीं है। किसी भी पर्यटक वाहन को सिस्सु से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। बर्फबारी के पूर्वानुमान के कारण यात्रा से बचें।