पेड़ से लटका मिला 60 वर्षीय व्यक्ति का शव, पुलिस ने दर्ज किए परिवार के सदस्यों के बयान
Baijnath Suicide Case उपमंडल बैजनाथ के धानग गांव में अन्य राज्य के एक मजदूर का शव पेड़ से लटका मिला है। पुलिस थाना बैजनाथ में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार धानग पंचायत के प्रधान रोहित कपूर ने बताया कि व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका हुआ है।
बैजनाथ, संवाद सहयोगी। Baijnath Suicide Case, उपमंडल बैजनाथ के धानग गांव में अन्य राज्य के एक मजदूर का शव पेड़ से लटका मिला है। पुलिस थाना बैजनाथ में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार धानग पंचायत के प्रधान रोहित कपूर ने बताया कि व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका हुआ है। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया। मृतक की पत्नी, बेटे व बहू के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। व्यक्ति की पहचान 60 वर्षीय भीम बहादुर निवासी छोटा माचिया बस्ती जयगांव जिला जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल के तौर पर हुई। भीम बहादुर धानग के वार्ड नंबर सात में स्वजन के साथ करीब दो महीने से रह रहा था। वह मजदूरी का कार्य करता था। शव झुग्गी-झोंपड़ी से थोड़ी दूरी पर एक पेड़ पर मिला। थाना प्रभारी बैजनाथ ओपी ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सड़क हादसे में नगरोटा बगवां निवासी की मौत
नगरोटा बगवां। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ठानपुरी के समीप वीरवार देर सायं सड़क हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान नितिन सूद निवासी वार्ड सात की भूतनाथ गली (नगरोटा बगवां) के तौर पर हुई है। नितिन बाइक पर कांगड़ा से नगरोटा बगवां की ओर आ रहा था कि ठानपुरी के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हो गया। नितिन सूद को घायल अवस्था में डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा पहुंचाया गया। यहां से उसे गंभीर हालत में पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।