परिवहन व खरीद में आसानी, भरवाने में भी नहीं ज्यादा परेशानी, इस छोटू एलपीजी सिलेंडर की बढ़ गई मांग
Short LPG Cylinder पांच किलोग्राम का छोटू एलपीजी सिलेंडर बड़े काम का है। हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्रों में पांच माह में इसकी खपत बढ़ गई है। इसका कारण परिवहन व खरीदने में आसानी होना है। यह पेट्रोल पंप के अलावा राशन व हार्डवेयर की दुकानों में भी सेल होता है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। Short LPG Cylinder, पांच किलोग्राम का छोटू एलपीजी सिलेंडर बड़े काम का है। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में पिछले साढ़े पांच माह में इसकी खपत बढ़ गई है। इसका कारण परिवहन व खरीदने में आसानी होना है। यह पेट्रोल पंप के अलावा राशन व हार्डवेयर की दुकानों में भी सेल होता है। इसे एक से दूसरे स्थान पर ले जाना आसान है। इसके अलावा 14 किलो के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर को खरीदने के लिए स्थायी पते का प्रमाणपत्र आवश्यक होता है, जबकि इसके लिए केवल पहचान पत्र चाहिए। यह सिलेंडर पहले बहुत कम बिक रहे थे। बीते साढ़े पांच माह के दौरान अप्रैल से सितंबर तक 15 हजार से अधिक बिक गए हैं।
इसे देश में कहीं भी भरवाया जा सकता है, जबकि घरेलू रसोई गैस के 14 किलो के सिलेंडर को केवल उसी गैस एजेंसी से भरवाना पड़ता है जहां पर पंजीकृत है। 14 किलो का सिलेंडर पहली बार करीब 2500 रुपये का आता है, जबकि यह 1462 रुपये का होता है। जबकि रिफिल करवाने में पांच किलो के 518 रुपये व 14 किलो के 986 रुपये खर्च आता है।
आंकड़ों में जानिए
- 1462 रुपये का है पांच किलो का भरा सिलेंडर
- 518 रुपये आता है रिफिल करने का खर्च
- 986 रुपये का पड़ता है 14 किलो का सिलेंडर
क्या कहते हैं कंपनी प्रबंधक
इण्डेन आयल के सहायक प्रबंधक आयुष का कहना है अन्य राज्य के मजदूर, ट्रक चालक और पिकनिक पर जाने वाले इस सिलेंडर को अधिक खरीद रहे हैं। इस सिलेंडर पर एक चूल्हा लग जाता है।
साढ़े पांच माह में बिके पांच किलो के सिलेंडर
- जिला, संख्या
- बिलासपुर, 1641
- चंबा, 130
- हमीरपुर, 1565
- कांगड़ा, 1486
- किन्नौर, 55
- कुल्लू, 1175
- लाहुल स्पीति, 150
- मंडी, 2013
- शिमला, 1930
- सिरमौर, 945
- सोलन, 3098
- ऊना, 1205
- कुल, 15393
यह भी पढ़ें: Cloudburst In Manali: मनाली के बुरुआ गांव में बादल फटा, आधी रात को घरों में घुसा मलबा