रिवालसर में शादी से लौट रहे लोगों की कार 200 फीट खाई में गिरी, घायल की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे लोग
Rivalsar Car Accident रिवालसर में एक कार करीब 200 फीट खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। मृतक की शिनाख्त 55 वर्षीय भोपाल उर्फ भूप सिंह पुत्र तुलसी राम निवासी छंगेड पाथा डाकघर खखरियाना बल्ह के रूप में हुई है।
रिवालसर, संवाद सहयोगी। Rivalsar Car Accident, जिला मंडी के रिवालसर में एक कार करीब 200 फीट खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसा शुक्रवार देर रात को हुआ। मृतक की शिनाख्त 55 वर्षीय भोपाल उर्फ भूप सिंह पुत्र तुलसी राम निवासी छंगेड पाथा डाकघर खखरियाना बल्ह के रूप में हुई है। शुक्रवार रात रात सिधयानी पाथा रिवालसर सड़क पर पाथा के पास एक नैनो कार एचपी 33 डी 6241 अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में कार में सवार भोपाल उर्फ भूप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 37 वर्षीय राजेन्द्र पुत्र दलीप सिंह गांव बनाण डाकघर सिध्यानी बल्ह घायल हो गया। हादसे घायल हुए व्यक्ति को नेरचौक मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया है। दोनों व्यक्ति गांव में शादी समारोह से रात को लौट रहे थे।
घायल व्यक्ति के चिल्लाने पर ग्रामीण घटना स्थल की ओर भागे। ग्रामीणों ने अंधेरे में ही दोनों को खाई से निकाल कर सड़क पर पहुंचाया। प्रशासन की ओर से कानूनगो ने मृतक के परिवार को 10 हजार रुपये व घायल को पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
नाके पर टोल कर्मियों को गाड़ी से टक्कर मारकर किया घायल
दौलतपुर चौक। मरवाड़ी में पंजाब सीमा पर लगाए गए नाके पर टोल कर्मचारियों को एक टवेरा एसयूवी द्वारा टक्कर मारकर घायल कर दिया गया। एक टोल कर्मचारी व उसके साथ खड़ा नजदीकी गांव का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। टोल बैरियर कर्मचारी पवन कुमार पुत्र फागण राम निवासी फतेहपुर जिला कांगड़ा और उसके साथ खड़े गणु मंदवाड़ा निवासी रमेश कुमार पुत्र महेंद्र सिंह वीरवार देर शाम टोल पर पर्ची काट रहे थे। वहां गलत दिशा से आई टवेरा गाड़ी ने दोनों को टक्कर मार दी। चालक गाड़ी को मौके से भगा ले गया। स्थानीय लोग घायल हालत में दोनों लोगों को दौलतपुर अस्पताल लाए। उनकी गंभीर चोटें देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। एएसआइ सुरजीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लेने के बाद चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी से गाड़ी की जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही गाड़ी को कब्जे में ले लिया जाएगा।