नगर पंचायत अम्ब के उपाध्यक्ष पद का फैसला हाेगा आज
नगर पंचायत अम्ब का उपाध्यक्ष कौन बनेगा इसका फैसला आज सुबह 11 बजे नवनिर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद होने वाले चुनाव में हो जाएगा। चुनाव का कौरम पूरा करने के लिए सात पार्षदों की उपस्थिति जरूरी है।
अम्ब, जेएनएन। नगर पंचायत अम्ब का उपाध्यक्ष कौन बनेगा, इसका फैसला आज सुबह 11 बजे नवनिर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद होने वाले चुनाव में हो जाएगा। चुनाव का कौरम पूरा करने के लिए सात पार्षदों की उपस्थिति जरूरी है।
नौ पार्षदों वाली नगर पंचायत अम्ब का उपाध्यक्ष किस पार्टी से बनेगा इसपर अभी संशय बरकरार है। आंकड़ों की बात करी जाए तो इस गेम में भाजपा का पलड़ा भारी दिख रहा है। भाजपा अपनी पार्टी से जीतकर आए पार्षदों व निर्दलीयों सहित सात पार्षदों के समर्थन होने का दावा कर रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी भी अपने पांच पार्षदों सहित भाजपा खेमे के भी पार्षद उनके संपर्क में होने की बात करते हुए आज होने वाले चुनाव में उपाध्यक्ष पद कब्जाने का दावा पेश कर रही है।
उधर, नगर पंचायत अम्ब के वार्ड नौ से नवनिर्वाचित पार्षद इंदु बाला के कोरोना संक्रमित हो जाने से अध्यक्ष पर के चुनाव कुछ दिन आगे टल सकता है। हालांकि अध्यक्ष पद वार्ड नौ अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित होने की बजह से इसका चुनाव महज औपचारिकता ही है। लेकिन इस पद के लिए नौ वार्ड से जीतकर आईं पार्षद इंदु बाला कोरोना संक्रमित होने की बजह से आज होने वाली शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भी अभी स्थिति साफ नहीं हुई है।
उधर, एसडीएम मनेश यादव का कहना है कि नगर पंचायत अम्ब के पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह का समय 11 बजे से रखा गया है। अध्यक्ष उपाध्यक्ष चुनाव के लिए कौरम पूरा करने के लिए सात पार्षदों का उपस्थित रहना जरूरी है। वहीं वार्ड नौ से पार्षद के कोरोना संक्रमित होने की बजह से वह किन मापदंडो के हिसाब से शपथ ग्रहण व चुनाव में भाग ले सकती हैं। इसके बारे में भी उच्च अधिकारियों व सरकार से राय ली जा रही है।