रेजिडेंट डाक्टर एसोसिएशन की हड़ताल से परेशान हुए मरीज, दो घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक की
Resident Doctors Association हिमाचल प्रदेश में रेजिडेंट डाक्टर आज भी हड़ताल पर हैं। इस कारण मरीजों को सुबह दो घंटे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं आइजीएमसी शिमला में डाक्टर सारा दिन हड़ताल पर रहे। रेजिडेंट डाक्टर्स ने वीरवार को भी दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल की।
धर्मशाला, नेरचौक, जागरण टीम। Resident Doctors Association, हिमाचल प्रदेश में रेजिडेंट डाक्टर आज भी हड़ताल पर हैं। इस कारण मरीजों को सुबह दो घंटे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, आइजीएमसी शिमला में डाक्टर सारा दिन हड़ताल पर रहे। लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नेरचौक में आरडीए के आह्वïान पर रेजिडेंट डाक्टर्स ने वीरवार को भी दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल की। इस दौरान आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखा गया।
रेजिडेंट डाक्टरों ने कहा जब तक स्वास्थ्य मंत्रालय नीट 2021 की पहली वर्ष की काउंसलिंग के लिए ठोस कदम नहीं उठाएगा, तब तक रोजाना दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल पर रहेंगे। रेजिडेंट डाक्टर एसोसिएशन के महासचिव डा. रोशन ठाकुर ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय के नकारात्मक रवैये के कारण हड़ताल करने का फैसला लिया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. विशाल जम्वाल ने कहा कि डाक्टरों की वजह से कोई मरीज परेशान हो, यह कोई नहीं चाहता है।
देशभर में विभिन्न अस्पतालों में कार्यरत जूनियर रेजिडेंट डाक्टर की पीजी काउंसलिंग में देरी हो रही है। पहले कहा गया था कि काउंसलिंग नवंबर में होगी, लेकिन अभी तक नहीं हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय भी इस बारे में सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है।
दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। गोहर निवासी नारायनु देवी व भती देवी ने कहा कि वे पिता का आपरेशन करवाने के लिए अस्पताल में आए थे। आपरेशन जल्दी हो जाए, इसके लिए सुबह ही घर से आ गए थे, लेकिन डाक्टरों की हड़ताल के कारण बाहर बैठना पड़ा।