आदिबद्री बांध से सिरमौर में बढ़ेगा धार्मिक पर्यटन
पौराणिक नदी सरस्वती को पुनर्जीवित करने के साथ आदिबद्री बांध से सिरमौर में जलक्रीड़ाओं और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सोम नदी पर आदिबद्री बांध का निर्माण नाहन विधानसभा क्षेत्र की मातर पंचायत में हरियाणा की सीमा पर होगा।
नाहन, राजन पुंडीर। पौराणिक नदी सरस्वती को पुनर्जीवित करने के साथ आदिबद्री बांध से सिरमौर में जलक्रीड़ाओं और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सोम नदी पर आदिबद्री बांध का निर्माण नाहन विधानसभा क्षेत्र की मातर पंचायत में हरियाणा की सीमा पर होगा। यहां 33 मीटर ऊंचा बांध बनेगा। इससे तीन किलोमीटर लंबी झील बनेगी। प्रस्तावित बांध से 100 मीटर दूर पहाड़ी पर मंत्रा माता का मंदिर है। मंत्रा माता हरियाणा व हिमाचल के लोगों की कुलदेवी हैं।
इस मंदिर में हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब व हरियाणा से श्रद्धालु आते हैं। आदिबद्री को सरस्वती नदी का उद्गम स्थल भी बताया जाता है। सरस्वती नदी हिमाचल से होती हुई हरियाणा, राजस्थान व गुजरात की ओर जाती है। हालांकि सरस्वती हरियाणा से निकलने के बाद विलुप्त हो जाती है, जिसे अन्य राज्यों में कहीं-कहीं दिखाई देने की बात सामने आती रही है।
बांध में हिमाचल की 77, हरियाणा की 11 हेक्टेयर भूमि आएगी
आदिबद्री बांध के निर्माण से हिमाचल व हरियाणा के किसानों को सिंचाई व पीने के लिए पानी उपलब्ध होगा। बरसात में हरियाणा के यमुनानगर जिला में बाढ़ से राहत मिलेगी। आदिबद्री बांध में 88 हेक्टेयर भूमि डूब जाएगी। इसमें हिमाचल की 77 हेक्टेयर व हरियाणा की 11 हेक्टेयर भूमि जलमग्न होगी। 75 हेक्टेयर हिमाचल की भूमि वन और दो हेक्टेयर निजी भूमि आएगी।
2018 में डा. राजीव बिंदल ने रखा था प्रस्ताव
नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल ने वर्ष 2018 में बांध बनाने का प्रस्ताव हिमाचल व हरियाणा सरकार के समक्ष रखा था। इस योजना को उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष भी रखा। इसके बाद जियोलाजिकल सर्वे आफ इंडिया की टीम ने बांध के लिए भूमि का चयन और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया शुरू की।
35 लाख से हो रहा माता मंत्रा देवी मंदिर के रास्ते का निर्माण
मातर पंचायत प्रधान अलका देवी ने कहा कि मंत्रा माता मंदिर के लिए 35 लाख रुपये से रास्ते का निर्माण किया जा रहा है। 14 जुलाई, 2021 को विधायक डा. राजीव बिंदल ने शिलान्यास किया था। इसके अलावा मंदिर को भी भव्य बनाने का कार्य चल रहा है। आदिबद्री में प्रस्तावित बांध से माता मंत्रा देवी मंदिर को देश में पहचान मिलेगी। यह क्षेत्र एक धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप उभरेगा।
नाहन के विधायक डा राजीव बिंदल ने कहा कि आदिबद्री में बांध निर्माण के लिए लंबे समय से प्रयासरत हूं। बांध निर्माण के लिए केंद्र, हिमाचल व हरियाणा सरकार से प्राथमिकता देने का आग्रह किया था। बांध से सिरमौर के किसानों को भी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र पर्यटन का मुख्य केंद्र बनेगा।