Ram Mandir: भाजपा ने 1989 में पालमपुर में लिया था अयोध्या में राम मंदिर बनाने का संकल्प
Ram Mandir Bhoomi Pujan अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर का सपना साकार होने जा रहा है। मंदिर बनाने का संकल्प भाजपा ने पालमपुर के रोटरी भवन में 1989 में लिया था।
पालमपुर, शारदाआनंद गौतम। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर का सपना साकार होने जा रहा है। मंदिर बनाने का संकल्प भारतीय जनता पार्टी ने पालमपुर के रोटरी भवन में 1989 में लिया था। रोटरी भवन में भाजपा की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन 11 से 13 जून को हुआ था। 31 वर्ष बाद अब जब श्रीराम मंदिर बनाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है तो भाजपा ने पालमपुर के रोटरी भवन में यादों को संजोते हुए बुधवार को ग्यारह बजे कार्यक्रम का आयोजन रखा है। कोरोना महामारी के दौरान होने वाले इस कार्यक्रम में शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए गिने-चुने भाजपा पदाधिकारियों को बुलाया गया है।
कार्यक्रम में मीडिया के गिने-चुने प्रतिनिधि होंगे। जो कार्यक्रम के दौरान प्रमुख वक्ता वरिष्ठ भाजपा नेता शांता कुमार से घटना के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। इसके लिए विशेष तौर पर भगवान श्रीराम का भव्य पोस्टर भी रोटरी भवन में लगा दिया है।
कार्यक्रम में ये लेंगे भाग
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता शांता कुमार, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, जिलाध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, महामंत्री विजय भट्ट व देविंद्र राणा, चारों मंडलों के अध्यक्ष, युवा व महिला मोर्चा के अध्यक्ष, विधायक बैजनाथ मुल्खराज प्रेमी व जयसिंहपुर के विधायक रविंद्र धीमान भाग लेंगे।
राम दरबार को भव्य रूप से सजाया
पुलिस थाना पालमपुर के साथ बाइपास समीप बने राम दरबार में भी श्रीराम मंदिर शिलान्यास को लेकर तैयारियां की गई हैं। राम दरबार को भव्य तौर पर सजाया गया है। मुहूर्त के समय मिठाई और पटाखों का विशेष प्रबंध होगा। इतना ही नहीं शारीरिक दूरी का विशेष ध्यान रखते हुए राम धुन का भजन गायन भी होगा।
पालमपुर से चार लोग गए थे अयोध्या
अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के मंदिर के निर्माण को लेकर तत्कालीन विधायक डा. शिव कुमार के नेतृत्व में पालमपुर से केवल चार ही लोग गए थे। यह जानकारी देते हुए पालमपुर के पूर्व विधायक प्रवीण कुमार ने बताया जून 1989 में पालमपुर में भारतीय जनता पार्टी की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के पारित प्रस्ताव किया था। 16 माह बाद विधायक डॉ.शिव के साथ पालमपुर हलके से मात्र तीन लोग आईमा से कुलदीप भारद्वाज, घुग्गर से रणजीत सिंह ठाकुर और युवाओं की टीम में पालमपुर से एकमात्र युवा कार्यकर्ता के रुप में प्रवीण कुमार साथ गए थे।