पहली बार विधायक बनने के बाद मंत्री की कुर्सी पर पहुंचे राजिंद्र गर्ग किस तरह करेंगे काम, जानिए
Minister Rajinder Garg नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री राजिंद्र गर्ग को सरकार में आम आदमी से सीधे जुड़ाव रखने वाला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
शिमला, जेएनएन। संघ कार्यकर्ता रहते हुए आम आदमी के बीच रहने वाले नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री राजिंद्र गर्ग को सरकार में आम आदमी से सीधे जुड़ाव रखने वाला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का दायित्व सौंपा गया है। उपभोक्ताओं को गुणवत्ता पूर्ण खाद्य सामाग्री मिले इसके लिए उनकी प्राथमिकताएं साफ हैं। उपभोक्ताओं को परेशानियों से दूर रखने का प्रयास रहेगा और खाद्य आपूर्ति निगम को सरकार का कमाऊ पूत बनाया जाएगा। यह बात नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री राजिंद्र गर्ग ने 'दैनिक जागरण' के राज्य ब्यूरो प्रमुख प्रकाश भारद्वाज से साक्षात्कार के दौरान कही। प्रस्तुत हैं साक्षात्कार के अंश।
पहली बार विधायक बने और सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी को कैसे देखते हैं?
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा दी गई जिम्मेदारी को मेहनत-लगन से निभाऊंगा। यह मेरे लिए चुनौतीपूर्ण है और मैं इस जिम्मेदारी को निभाने का पूरा प्रयास करूंगा। कोई भी सवाल खड़ा नहीं होने दूंगा।
यह तो शिकायतों वाला महकमा है। हर आदमी शिकायत लेकर आता है, कैसे निपटाएंगे?
मैं समझता हूं कि हमारा विभाग आम आदमी से सीधे तौर पर जुड़ा है। खाद्यान्न से जुड़ा विषय है और हर व्यक्ति को गुणवत्ता पूर्ण सामाग्री पहुंचाई जाएगी। प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत हर वस्तु दी जा रही है। मैं इस व्यवस्था को और मजबूत करना चाहूंगा। अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा करेंगे और जरूरी निर्देश देंगे।
खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम की गतिविधियों को कैसे विस्तार देंगे?
खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम को सरकार के लिए कमाऊ पूत बनाने का प्रयास रहेगा। इसके लिए प्रत्येक जिला में नए स्टोर खोले जाएंगे और व्यवसायिक व्यवस्था की जाएगी। हर जिला में लोगों की जरूरत को देखते हुए काम किया जाएगा। विभाग व निगम को रचनात्मक बनाया जाएगा, ताकि हमेशा आम आदमी फोकस में रहे।
उपभोक्ताओं को और अधिक सस्ती दरों पर राशन उपलब्ध करवाने के लिए क्या करेंगे?
हर व्यक्ति चाहता है कि सस्ती दरों पर राशन मिले। इसके लिए प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि खाद्यान्न खराब न हो। विभाग और निगम की कारगुजारियों में पारदर्शिता लाई जाएगी।
निगम का टर्नओवर
खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम का वार्षिक टर्नओवर 1100 करोड़ रहता है। निगम की व्यवसायिक गतिविधियों से आमतौर पर एक से ड़ेढ़ करोड़ रुपये की कमाई होती है। निगम ने कुछ अरसा पहले प्रयोगात्मक आधार पर कांगड़ा के पालमपुर और नगरोटा बगवां में अपना स्टोर खोले थे। निगम कई बार इस प्रकार के प्रयास करता रहा है।