ऊना में तेज हवाओं के साथ जमकर बरसे बादल, कांगड़ा में धूप खिली
हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में आज बारिश की संभावना जताई गई थी व दोपहर बाद ऊना जिला में भारी बारिश हुई।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में आज बारिश की संभावना जताई गई है व कल यानी सोमवार को आंधी की चेतावनी जारी की गई है। कल सबसे गर्म रहने वाले ऊना जिले में दोपहर बाद जमकर बादल बरसे। बंगाणा क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। वहीं, जिला कांगड़ा सहित अन्य जिलों में बादल छाए हैं। लेकिन राहत की फुहार नहीं पड़ी है।
शुक्रवार व शनिवार आसमान साफ रहने से चमकी तेज धूप ने पहाड़ी राज्य हिमाचल के तापमान को तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा दिया है। यही वजह रही कि शनिवार को ऊना जिला दिल्ली के बराबर गर्म रहा। इससे लोगों को चिलचिलाती धूम में परेशानियां झेलनी पड़ी। ऊना में पारा 41.2 डिग्री तक जा पहुंचा। हालांकि शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में बारिश भी हुई, लेकिन तापमान पर इसका खास असर नहीं पड़ा। दिनभर धूप के खिले रहने के कारण पारा काफी ऊपर पहुंच गया। रविवार को भी सुबह तेज धूप पड़ रही है।
उधर, कुल्लू जिले के भुंतर में एक ही दिन में तापमान नौ डिग्री तक बढ़ गया। कल्पा में भी छह डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ गया। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं 24 जून को 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी। साथ ही कुछ जगह पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के नौ जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। सिरमौर, लाहुल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी सभी क्षेत्रों में आंधी चलेगी और ओलावृष्टि हो सकती है।
कहां कितना तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
- केलंग,8.0,16.8
- कल्पा,8.6,23.7
- भुंतर,16.0,36.2
- शिमला,17.2,28.2
- धर्मशाला,16.8,30.6
- सोलन,16.8,33.0
- बिलासपुर,21.0,39.0
- ऊना,20.7,41.2
- कांगड़ा,20.3,38.1
- नाहन,20.4,33.8
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप