पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मां चिंतपूर्णी के दर नवाया शीश
पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने रविवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में पूजा-अर्चना की। पुजारी साहिल कालिया ने उन्हें मां चिंतपूर्णी की पावन पिंडी की पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट ने सुखजिंदर रंधावा को माता चिंतपूर्णी का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
चिंतपूर्णी, संवाद सूत्र। पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने रविवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में पूजा-अर्चना की। पुजारी साहिल कालिया ने उन्हें मां चिंतपूर्णी की पावन पिंडी की पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट ने सुखजिंदर रंधावा को माता चिंतपूर्णी का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
दर्शन करने के पश्चात डिप्टी सीएम ने कहा कि देश के अन्नदाता की मांगों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। किसान कानून वापस करना केंद्र सरकार की मजबूरी हो गई थी। पांच राज्यों में चुनावों के चलते केंद्र सरकार ने हताश होकर ये कानून वापस लिए हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा पार्टी छोडऩे संबंधी सवाल पर रंधावा ने कहा कि कैप्टन का साथ 2009 से कंधे से कंधा मिलाकर देते आ रहे हैं। अमरिंदर सिंह की ओर से नई पार्टी बनाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि जब कोई बड़े औहदे पर बैठा व्यक्ति पार्टी छोड़ देता है तो उसका कोई वजूद नहीं रहता। अमरिंदर सिंह द्वारा नई पार्टी बनाने के बाद पंजाब कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होगा। सुखजिंदर सिंह ने कहा कि मैं भी कैप्टन का बहुत नजदीकी रहा हूं, लेकिन अफसोस है कि पंजाब में कांग्रेस के लोग कैप्टन को पंजाब की जनता की भलाई के लिए जोर डालते थे, लेकिन कैप्टन साहब इस पर ध्यान ही नहीं देते थे। नवजोत सिद्धू पर कैप्टन द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के बारे में उन्होंने कहा कि सिद्धू पर जो भी आरोप कैप्टन द्वारा लगाए जा रहे हैं, उनमें कोई सत्यता नहीं है। कैप्टन पहले ही आरोपों से घिरे हुए हैं।