हमले का अंदेशा, कांगड़ा में अलर्ट
त्यौहारी सीजन में राजधानी दिल्ली में किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की सूचना और देश में जैश-ए-मोहम्मद की आतंकी प्रवेश करने की सूचना के बाद कांगड़ा में अलर्ट जारी कर दिया है। इसको देखते हुए हिमाचल व पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने वीरवार सुबह से शाम तक छह घंटे तक डमटाल व भदरोआ के जंगलों में भारी पुलिस बल सहित सर्च अभियान चलाया। इसके अलावा चक्की खड्ड के किनारों में भी जांच की।
संवाद सहयोगी, डमटाल : त्योहारी सीजन में राजधानी दिल्ली में किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की सूचना और देश में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के प्रवेश करने की सूचना के बाद कांगड़ा जिले में अलर्ट जारी कर दिया है। इसके मद्देनजर हिमाचल व पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने वीरवार सुबह से शाम तक डमटाल व भदरोआ के जंगलों में सर्च अभियान चलाया। इसके अलावा चक्की खड्ड के किनारों में जांच की।
पुलिस को गुप्तचर विभाग से सूचना मिली थी कि पंजाब व हिमाचल के सटे क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। इसके बाद डीएसपी पठानकोट सिटी राजेंद्र मन्हास व डीएसपी नूरपुर डॉ. साहिल अरोड़ा के नेतृत्व में वीरवार सुबह पुलिस टीम डमटाल में एकत्रित हुई। दोनों राज्यों की टीम ने डमटाल व भदरोआ के 10 किलोमीटर जंगल में गहनता से जांच की। अभियान में दोनों राज्यों की पुलिस के 150 जवानों ने भाग लिया। इसके अलावा टीम ने यह भी जांच की कि त्योहारी सीजन में सीमावर्ती क्षेत्र में किसी ने पटाखों का भंडारण तो नहीं किया है।