हिमाचल प्रदेश में व्हाइट क्रिसमस की कर लो तैयारी, पांच दिन तक बारिश और बर्फबारी की संभावना
Himachal Weather Update हिमाचल में कल बुधवार 22 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और इसका असर 26 दिसंबर तक तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 दिसंबर से ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात व अन्य क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है।
शिमला/धर्मशाला, जागरण टीम। Himachal Weather Update, हिमाचल में कल बुधवार 22 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और इसका असर 26 दिसंबर तक तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 दिसंबर से ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात व अन्य क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। इस बार व्हाइट क्रिसमस के पूरे आसार बन रहे हैं। 25 दिसंबर को प्रदेश के ऊंचाई पर स्थित पर्यटन स्थलों में बर्फबारी की पूरी संभावना बन रही है। इसके अलावा पर्यटन स्थलों में हाल ही में ताजा बर्फबारी भी हुई है। ऐसे में पर्यटक बर्फ के व्हाइट क्रिसमस मनाने का इस बार पूरा लुत्फ लेंगे। इस बीच ताजा हिमपात होना सोने पर सुहागा होगा। प्रदेश में लगातार पांच दिन मौसम तेवर कड़े रखेगा।
यह भी पढ़ें: क्रिसमस और न्यू ईयर का जश्न मनाने हिमाचल आ रहे पर्यटकों को लेकर सीएम जयराम ठाकुर ने दिया बड़ा बयान
क्रिसमस पर प्रदेश सरकार ने भी नरम रुख अपनाया हुआ है। पर्यटकों पर फिलहाल किसी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं है। लेकिन बीते कल मुख्यमंत्री ने जरूर एक आग्रह किया है। सीएम जयराम ठाकुर ने पर्यटकों से कोविड वैक्सीन लगाकर ही हिमाचल में आने का आह्वान किया है। हिमाचल प्रदेश में लक्षित आबादी को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी हैं।
मंगलवार को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी जिलों के कुछ इलाकों में सुबह व शाम घना कोहरा छाने की संभावना है। सोमवार को शिमला सहित दो स्थानों पर न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही धूप खिलने से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री पर पहुंच गया है और अधिकतम तापमान भी 15 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।
तापमान की स्थिति
- शहर, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 6.0, 15.2
- कुफरी, 1.8, 3.3
- सोलन, -1.0, 20.0
- सुंदरनगर, -1.5, 20.8
- केलंग, -10.2, 1.0
- मनाली, -1.4, 8.5
- भुंतर, -1.3, 18.2
- कल्पा, -2.0, 6.4
- धर्मशाला, 3.4, 16.0
- ऊना, 1.0, 20.0
- नाहन, 8.1, 14.9